किस करते-करते मेट्रो की पटरी पर गिरा युवक, तुरंत बचाने कूदी गर्लफ्रेंड' तभी सामने से आ गई ट्रेन
लड़की भी आनन फानन में उसे बचाने के लिए ट्रैक पर कूद जाती है. दोनों ऊपर चढ़ने की कोशिश कर ही रहे होते हैं कि तभी सामने से ट्रेन आ जाती है. मेट्रो के ड्राइवर, जिसने सामने से ये भयावह सीन देखा, उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन बहुत देर चुकी थी. इस खौफनाक हादसे का एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई है.
न्यू यॉर्क शहर के मेट्रो स्टेशन पर खौफनाक हादसा
ये दर्दनाक हादसा हुआ है अमेरिका के न्यू यॉर्क शहर में, यहां लोअर मैनहट्टन के एक सबवो स्टेशन पर भारतीय मूल के कपल की एक छोटी सी लापरवाही की वजह से जान चली गई. 24 साल की मलाईका चित्रे और 24 साल के नवम कौल ट्रेन आने से कुछ मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे को गले लगा रहे थे और किस कर रहे थे. अचानक नवम का संतुलन बिगड़ा और वो सीधे ट्रेन की पटरी पर जा गिरा. अपने दोस्त की जान खतरे में देख मलाईका बिना अपनी परवाह किए तुरंत पटरी पर कूद पड़ीं. लेकिन इससे पहले कि वो नवम को खींचकर ऊपर ला पातीं, सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और दोनों को कुचलती हुई निकल गई.
प्लेटफॉर्म पर प्यार का खुशनुमा माहौल और फिर पटरी पर खौफनाक मंजर
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 24 साल की मलाईका चित्रे और 24 साल के नवम कौल देर रात सबवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की रिपोर्ट से पता चलता है कि हादसे से ठीक पहले प्लेटफॉर्म पर दोनों बहुत खुद नजर आ रहे थे. दोनों एक-दूसरे को गले लगा रहे थे और किस कर रहे थे. किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि अगले ही पल यहां चीख-पुकार मचने वाली है.
अचानक एक पल में सब कुछ बदल गया. नवम कौल का बैलेंस बिगड़ा और वो संभल नहीं पाया. वो प्लेटफॉर्म के किनारे से सीधे नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे. नीचे गिरते ही नवम का सिर पटरी से जोर से टकराया, जिससे वो चोटिल हो गया. मलाईका ने जब अपने जिगरी दोस्त को यूं मौत के मुंह में गिरते देखा, तो उसने अपनी जान की रत्ती भर भी परवाह नहीं की. मलाईका ने एक सेकंड की भी देरी किए बिना सीधे ट्रैक पर छलांग लगा दी. शुरुआती जांच से पता चलता है कि मलाईका, नवम को खींचकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर वापस लाने की पूरी कोशिश कर रही थी, लेकिन वक्त उनके पास बहुत कम था.
ट्रेन ड्राइवर का रोंगटे खड़े करने वाला बयान: 'इमरजेंसी ब्रेक लगाया, पर देर हो चुकी थी'
न्यू यॉर्क डेली न्यूज की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के वक्त साउथबाउंड नंबर 4 ट्रेन उस स्टेशन में दाखिल हो रही थी. ट्रेन चला रही महिला ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म के पास पहुंची, उसे पटरियों पर दो लोग बैठे हुए दिखाई दिए. ट्रेन ऑपरेटर के हाथ-पांव फूल गए और उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक दबा दिए. उसने ट्रेन को रोकने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन भारी-भरकम और तेज रफ्तार ट्रेन को कुछ ही मीटर की दूरी पर रोक पाना बिल्कुल नामुमकिन था.
रिपोर्ट में ये दिल दहला देने वाला खुलासा भी हुआ है कि जब ट्रेन बिल्कुल करीब आ चुकी थी, तब भी मलाईका हार मानने को तैयार नहीं थी. वो नवम को खींचकर अपनी ओर लाने की कोशिश कर रही थी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भी दिख रहा है कि ट्रेन आने से कुछ पल पहले दोनों पटरियों पर साथ थे. ट्रेन ऑपरेटर के इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन दोनों को रौंदती हुई निकल गई. हादसा इतना भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद ट्रेन में सवार लगभग 100 यात्रियों को बाहर निकाला गया और पूरे सबवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस की गहन जांच: हादसा, नशे की ओवरडोज या आत्महत्या?
न्यू यॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट (NYPD) और जासूस इस बात की कड़ाई से जांच कर रहे हैं कि आखिर ये दर्दनाक हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं घटना के वक्त नवम या मलाईका किसी तरह नशे में तो नहीं थे. जांच अधिकारियों को शक है कि हो सकता है कि नशे की वजह से नवम का पैर फिसला हो और वो खतरे को समझ न पाया हो. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि दोनों नशे में थे या नहीं.
इसके अलावा, पुलिस ने आत्महत्या के एंगल से भी मामले की जांच की है, लेकिन अब तक ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं जिनसे ये लगे कि उन्होंने जानबूझकर अपनी जान दी है. न्यू यॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, घटना स्थल या उनके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि नवम पटरियों पर आखिर गिरा कैसे? पुलिस स्टेशन के सभी सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर इन उलझे हुए सवालों के जवाब तलाश रही है.
कौन थे मलाईका चित्रे और नवम कौल?
इस दिल दहला देने वाले हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों ही बेहद होनहार, पढ़े-लिखे और अपने करियर के मुकाम पर तेजी से आगे बढ़ रहे थे. 24 साल की मलाईका चित्रे न्यू जर्सी के साउथ ब्रंसविक की रहने वाली थीं. उन्होंने अमेरिका की नामी रटगर्स यूनिवर्सिटी से पब्लिक हेल्थ में ग्रेजुएशन की डिग्री ली थी. पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद उन्हें अकाडिया फार्मास्यूटिकल्स जैसी बड़ी कंपनी में क्वालिटी ऑपरेशंस स्पेशलिस्ट के पद पर नौकरी मिल गई थी. इसके साथ ही मलाईका अपनी काबिलियत को और बढ़ाने के लिए टेम्पल यूनिवर्सिटी से डॉक्टर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई भी कर रही थीं.
वहीं दूसरी तरफ, 24 साल के नवम कौल न्यू जर्सी के सेरेविले के रहने वाले थे. नवम ने भी रटगर्स बिजनेस स्कूल से फाइनेंस में अपनी डिग्री पूरी की थी. वो दुनिया की सबसे बड़ी फाइनेंशियल डेटा कंपनी ब्लूमबर्ग में फाइनेंशियल डेटा एनालिस्ट के तौर पर काम कर रहे थे. दोनों ही रटगर्स यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान से एक-दूसरे के बेहद करीब थे. वो वहां के साउथ एशियन स्टूडेंट ग्रुप्स और फ्रेंड सर्कल का मुख्य हिस्सा थे. साल 2024 में ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद भी उनकी ये गहरी दोस्ती जारी रही. दोनों ने हाल ही में कॉरपोरेट वर्ल्ड में कदम रखा था और अपने सपनों को पूरा करने में जुटे थे, लेकिन महज 24 साल की उम्र में इस हादसे ने उनकी जिंदगी और सारे सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया.
No comments