नहीं मिला सुराग तो पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार, दर्दनाक है नेपाल बाढ़ में लापता आनंद की कहानी.

मोतिहारी: नेपाल की त्रिशूली नदी में बहकर लापता हुए मोतिहारी के आनंद सहनी का 15 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. लगातार तलाश के बाद भी उनका शव बरामद नहीं हुआ. आखिरकार परिजनों ने भारी मन से आनंद का पुतला तैयार किया.
इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया. इस घटना के बाद मुसवा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
कमाने के लिए गए थे नेपाल
बता दें कि, आनंद सहनी सुगौली प्रखंड की दक्षिणी मनसिंघा पंचायत के मुसवा गांव के रहने वाले थे. वह रोजी-रोटी कमाने के लिए नेपाल गए थे. इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया. बताया जाता है कि 26 अगस्त की सुबह आनंद की अपनी पत्नी सविता देवी से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद परिवार को उनके नदी में बह जाने की जानकारी मिली.
आनंद का कोई पता नहीं चला
आनंद के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन और गांव के लोग नेपाल पहुंचे. वहां कई दिनों तक त्रिशूली नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की गई. नदी में भी खोजबीन की गई. स्थानीय स्तर पर भी काफी प्रयास किए गए. इसके बावजूद आनंद का कोई पता नहीं चल पाया.
परिवार का मुख्य सहारा थे आनंद
आनंद अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं. सबसे बड़ा बेटा करीब 10 साल का है. परिवार की जिम्मेदारी आनंद के कंधों पर थी. उनके वृद्ध पिता भी हैं. बताया जाता है कि वह पैरालिसिस से पीड़ित हैं. आनंद के अचानक लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक तरफ परिवार के लोग अपने सदस्य को खोने के गम में हैं. दूसरी तरफ उनके सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. बच्चों की परवरिश और घर का खर्च चलाने की चिंता भी परिवार को सता रही है.
पुतला बनाकर अंतिम संस्कार
वहीं, 15 दिनों तक तलाश के बाद भी आनंद का शव नहीं मिलने पर परिजनों ने पुतला बनाकर अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया. पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान गांव में माहौल बेहद गमगीन रहा. परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने आनंद के परिवार को आपदा पीड़ित परिवार के रूप में आर्थिक सहायता देने की मांग की है. पंचायत समिति सदस्य विनोद सहनी ने भी सरकार से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
No comments