शादी का वादा, फिर बार-बार शारीरिक संबंध... रेप केस में कैसे फंस गए मोहम्मद शमी के भाई? कौन-कौन से हैं आरोप.

लखनऊः क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है. लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर यौन शोषण की एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायत करने पर शमी के भाई हसीब पर पीड़िता को धमकाने का भी आरोप लगा है.
आशियाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कैफ़ और हसीब के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि पीड़िता तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है.
रणजी खेलता है मोहम्मद शमी का भाई मोहम्मद कैफ
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक 2020 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए महिला की मुलाकात कैफ़ से हुई थी. तब पीड़िता गाजियाबाद की एक पॉश सोसायटी में रहती थी. पीड़िता के मुताबिक मोहम्मद कैफ़ पश्चिम बंगाल की ओर से रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खेलता है. साल 2023 में कैफ ने महिला से शादी की बात कही थी. पीड़िता के मुताबिक उसने ख़ुद के तलाकशुदा और बेटे की मां होने की बात कैफ़ को बताई थी. इस पर कैफ़ ने पीड़िता के अतीत और पुत्र से कोई आपत्ति न होने की बात कही थी.
मोहम्मद कैफ के कहने पर पीड़िता ने छोड़ दी थी एयरलाइंस की नौकरी
उसके बाद 9 दिसंबर 2023 को कोलकाता के होटल में शादी का झांसा देकर पीड़िता से कैफ ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इसके बाद कई शहरों के अलग अलग स्थानों पर पीड़िता का यौन शोषण किया. पीड़िता नई दिल्ली में एक एयरलाइंस में 2023 से 2026 तक केबिन क्रू थी. मोहम्मद कैफ़ को पीड़िता का वो नौकरी करना पसंद नहीं था. लिहाज़ा कैफ़ के कहने पर महिला नौकरी छोड़ दी थी. दिसंबर 2025 में आईपीएल में ऑक्शन के बाद कैफ़ ने शादी की बात कही थी. आईपीएल ऑक्शन के बाद भी कैफ ने पीड़िता से शादी नहीं की.
2026 में मोहम्मद शमी की मां से मिली थी पीड़िता
मई 2026 में अमरोहा में एक क्रिकेट कोच के घर पर पीड़िता की मुलाकात कैफ़ की मां और भाई हसीब से हुई. पीड़िता के मुताबिक वहां हसीब ने उसको धमकाया. महिला की तहरीर पर मोहम्मद कैफ़ पर दुष्कर्म और हसीब पर धमकाने की एफआईआर दर्ज की गई है. एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थाना आशियाना पुलिस.
No comments