Recent Posts

Breaking News

मणिमहेश में जन्माष्टमी पर नौ हजार भक्तों ने लगाई डुबकी, छोटे न्हौण के पावन मौके पर उमड़ा आस्था का सैलाब

जन्माष्टमी के छोटे न्हौण के पावन मौके पर करीब नौ हजार श्रद्धालुओं ने मणिमहेश के पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाई है। शुक्रवार दोपहर बाद श्रद्धालुओं ने मणिमहेश से घर वापिसी की राह भी पकड़ ली है। शुक्रवार को मणिमहेश पैदल मार्ग पर चार श्रद्धालुओं की तबीयत बिगडऩे के कारण एंबुलेंस व हेलिटैक्सी के माध्यम से रेस्क्यू किया गया है। शुक्रवार को एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने हड़सर-मणिमहेश पैदल मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं भी जांची हैं। जन्माष्टमी के छोटे न्हौण पर पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष काफी कम संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। 

जानकारी के अनुसार जन्माष्टमी के छोटे न्हौण का शुभ मुहूर्त शुक्रवार तडक़े दो बजकर 26 मिनट पर आरंभ हुआ, जो कि पांच सितंबर रात बारह बजकर चौदह मिनट तक जारी रहा। इस अवधि में करीब नौ हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में स्नान कर पुण्य कमाया है। जन्माष्टमी के छोटे न्हौण के लिए गुरुवार को 5503 श्रद्धालु रवाना हुए थे। शुक्रवार शाम तक 3600 के करीब श्रद्धालुओं ने पैदल मणिमहेश की राह पकड़ी है।

श्रद्धालुओं का पंजीकरण

बताते चलें कि इस बार उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा रहा है। प्रशासनिक आंकडे के मुताबिक पिछले दो दिनों के भीतर नौ हजार के करीब श्रद्धालु स्नान करने के लिए मणिमहेश को पैदल व हेलीटैक्सी के माध्यम से रवाना हुए हैं।

एडीएम भरमौर विकास शर्मा के बोल

एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी के छोटे न्हौण पर करीब नौ हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में स्नान किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मणिमहेश यात्रा पर आने वाली श्रद्धालुओं का रिकार्ड रखा जा रहा है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।

चार श्रद्धालुओं की बिगड़ी तबीयत

मणिमहेश यात्रा 2026 के दौरान शुक्रवार को चार श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें दो मरीजों को एंबुलेंस और दो मरीजों को हेलिटैक्सी के माध्यम से सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया। चारों श्रद्धालुओं का उपचार चल रहा है। श्रद्धालुओं की हालत में सुधार बताया गया है। 

जानकारी के अनुसार शिल्पा पुत्री उमेश वासी डोडा, जम्मू-कश्मीर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के चलते एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया। डिंपल, पत्नी संजय, वासी कहरी, सेरी, बल्ला जम्मू-कश्मीर को घबराहट की शिकायत के चलते एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।

गौरी पत्नी मुनस्वामी, वासी चेन्नई को सांस लेने में तकलीफ, सिरदर्द तथा पिछले तीन दिनों से नींद न आने की शिकायत के चलते हेलिटैक्सी के माध्यम से अस्पताल लाया गया। मोहना पत्नी एमजे रजनी, वासी चेन्नई को सिरदर्द एवं खांसी की शिकायत के चलते हेलिटैक्सी के माध्यम से सिविल अस्पताल भरमौर लाया गया। बीएमओ भरमौर डा. दीपेश बराल ने बताया कि सभी मरीजों का सिविल अस्पताल भरमौर में उपचार किया जा रहा है और फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है।

No comments