Recent Posts

Breaking News

पहले जंगली सूअर का हमला, फिर रास्ते में खराब हो गई नाव; पटना के दानापुर में सात साल की बच्ची ने तोड़ा दम

पहले जंगली सूअर का हमला, फिर रास्ते में खराब हो गई नाव; पटना के दानापुर में सात साल की बच्ची ने तोड़ा दम


दानापुर। पटना के दानापुर क्षेत्र में आए बाढ़ के कारण लोगों को नित नई मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। सांप-कीड़े का प्रकोप बढ़ गया है। बाढ़ के पानी में जंगली सुअर भी आ गए हैं।दियारा क्षेत्र के हेतनपुर गांव में शनिवार की अलसुबह बाढ़ के पानी के तेज बहाव के साथ आए जंगली सूअर ने घर में घुसकर सात वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हमले में बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची दाउदपुर निवासी संजय राय की सात वर्षीय पुत्री राधा कुमारी थी।

बताया जाता है कि रक्षाबंधन पर राधा अपनी मां पनपती देवी, तीन बहन व एक भाई के साथ हेतनपुर स्थित अपने ननिहाल आई थी। पूर्व मुखिया कन्हाई राय ने बताया कि शनिवार की सुबह बाढ़ के पानी के बहाव के साथ एक जंगली सूअर हेतनपुर गांव पहुंच गया।

रास्ते में खराब हो गई नाव

वह स्व छेदी राय के घर में घुस गया। इसी दौरान उसने उनकी नतनी राधा कुमारी पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची बुरी तरह जख्मी हो गई। स्वजन ग्रामीणों की मदद से उसे नाव से दानापुर की ओर लेकर निकले, लेकिन रास्ते में नाव खराब हो गई।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पूर्व मुखिया ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी मातम पसरा है। अनुमंडलाधिकारी वीरूपाक्ष विक्रम सिंह ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है

No comments