Recent Posts

Breaking News

नीले ड्रम वाली मुस्कान को फांसी होगी या उम्रकैद? कल आएगा कोर्ट का फैसला, टिकी देशभर की निगाहें

नीले ड्रम वाली मुस्कान को फांसी होगी या उम्रकैद? कल आएगा कोर्ट का फैसला, टिकी देशभर की निगाहें


Meerut: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड यानि नीला ड्रम कांड का फैसला आने में अब बस एक दिन बचे हैं. इस मामले में न्याय की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. जिला जज मेरठ अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में इस सनसनीखेज मामले की बहस पूरी हो गई है.


अभियोजन पक्ष और वादी पक्ष की ओर से भी अपनी-अपनी बहस पूरी की जा चुकी है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुनाने के लिए 30 सितंबर यानि कल की तारीख तय की है.

डीजीसी क्रिमिनल केके चौबे और वादी की ओर से अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने बताया कि यह मामला मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. पुलिस और अभियोजन पक्ष के अनुसार, मुस्कान रस्तोगी ने 2016 में इंदिरानगर निवासी सौरभ राजपूत से प्रेम विवाह किया था. 2010 में दोनों की एक बेटी हुई. इस दौरान मुस्कान की मुलाकात उसके सहपाठी साहिल से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं, जिसके कारण सौरभ और मुस्कान में विवाद पैदा हो गया.

लंदन से लौटने के बाद पति की हत्या
बताया जाता है कि सौरभ मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर लंदन चला गया था. वापस लौटने पर मुस्कान और प्रेमी साहिल ने सौरभ की हत्या के बाद शव के टुकड़े किए और उन्हें एक नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से सील कर दिया गया था. समाज को झकझोरने और पति के भरोसे को रक्त-रंजित करने वाले बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में इंसाफ अब फैसले की दहलीज पर खड़ा है.

सजा होगी या दोनों होंगे बरी?
जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे का कहना है कि उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों और 22 गवाहों के बयानों की अटूट कड़ी को अदालत में सिलसिलेवार ढंग से पेश किया है. उन्होंने उम्मीद जताई है कि सौरभ की हत्या करने वाली आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी.

दूसरी ओर बचाव पक्ष ने मामले में चश्मदीद गवाह न होने का तर्क देते हुए दोनों आरोपियों को राहत देने की मांग की है. दलील दी है कि संपत्ति विवाद में दोनों आरोपियों को फंसाया गया है. इस केस में अभियोजन और बचाव पक्ष के वकील अंतिम बहस पूरी कर चुके हैं. अब देशभर में चर्चित रही इस संगीन वारदात में अदालत के फैसले का सभी को इंतजार है.

No comments