Recent Posts

Breaking News

हिमाचल में लॉन्ग वीकएंडः त्रिउंड ट्रेक के लिए मंदिर की तरह कतारें, शिमला से मनाली तक सैलानियों की भीड़, ट्रैफिक जाम से मजा किरकिरा

हिमाचल में लॉन्ग वीकएंडः त्रिउंड ट्रेक के लिए मंदिर की तरह कतारें, शिमला से मनाली तक सैलानियों की भीड़, ट्रैफिक जाम से मजा किरकिरा


शिमला. लॉन्ग वीकएंड के चलते हिमाचल प्रदेश सैलानियों से गुलजार रहा. आलम यह रहा कि शिमला, मनाली, धर्मशाला, कसौली, डलहौजी समेत अन्य इलाकों में टूरिस्ट की भारी भीड़ नजर आई. ऐसे में होटल कारोबारियों के चेहरे पर रौनक छा गई. अहम बात है कि धर्मशाला के ट्रिउंड ट्रेक पर तो मंदिर में लगने वाली लाइनों की तरह लोग नजर आए


दरअसल, लंबे सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की भारी आमद से हिमाचल प्रदेश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात प्रभावित हुआ है और प्रमुख पर्यटन केंद्रों शिमला और मनाली में होटल 60 से 80 प्रतिशत पैक हो गए थे. चंडीगढ़ के परिवार संग मनाली घूमने गए अभिषेक ने बताया कि उन्हें 10 घंटे मनाली पहुंचने में लग गए. आम तौर पर पांच घंटे लगते हैं.

फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन (एफओएचएचआरए) के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि लंबे सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है और बड़ी संख्या में लोग राज्य के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं. मनाली, धर्मशाला और शिमला जैसे पर्वतीय पर्यटन स्थलों की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बनी रही.

ठाकुर ने कहा, ''हमने राज्य सरकार से उन मार्गों पर पर्यटकों की सहायता और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष पुलिसकर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया था, जहां अक्सर जाम लगता है. इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधा होती. मनाली में सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. एक सैलानी ने कहा कि लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर यातायात जाम अब नियमित समस्या बन गया है. दिल्ली से आए पर्यटक अशोक ने कहा, ''हम दो दिन के लिए शिमला आए हैं, लेकिन सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी है और पार्किंग मिलना भी आसान नहीं थी.''


धर्मशाला के त्रियुंड ट्रेक पर पहले कभी इतनी भीड़ नजर नहीं आई.

कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि कांगड़ा जिले में मैक्लोड गंज, धर्मशाला और बीर-बिलिंग में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है.

मानसून की विदाई के बाद सीजन का आगाज

हिमाचल में 3 अक्तूबर को मानसून की विदाई हो गई है और मौसम के सुहावना होते ही राजधानी शिमला में रिज मैदान, मालरोड और शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों से सैलानी शिमला पहुंचे. पर्यटकों की बढ़ती आमद का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, टैक्सी और स्थानीय बाजारों के कारोबार पर देखने को मिल रहा है.

शिमली में भी लौटी रौनक, वीकएंड पर भारी रश

होटल कारोबारियों के अनुसार वीकेंड के दौरान शिमला में होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 से 80 फीसदी तक पहुंच गई है और कई होटल और पर्यटन प्रतिष्ठानों में अच्छी बुकिंग दर्ज की गई है. पर्यटकों का कहना है बेशक जाम में फंसने के बाद यहां तक पहुंचे हो लेकिन पूरा पैसा वसूल है यहां आकर. शिमला घूमने के लिए ये सबसे अच्छा मौसम है हर किसी को शिमला घूमने जरूर आना चाहिए. साथ ही रिज मैदान पर हमेशा रौनक रहती है और गाड़िया यहां नहीं चलती इसलिए यहां आराम से घूम सकते है.


सैलानियों से ट्रैफिक नियम की पालना की अपील

गौर रहे कि बीते शुक्रवार को शोघी बैरियर से कुल 16,277 वाहन शिमला पहुंचे थे और इनमें करीब 7,060 वाहन बाहरी राज्यों के थे. आंकड़ों के मुताबिक सामान्य दिनों में भी करीब 10 हजार वाहन प्रतिदिन शिमला पहुंच रहे हैं. ऐसे में एक सप्ताह में शिमला पहुंचने वाले वाहनों की संख्या करीब 70 से 80 हजार तक पहुंच रही है. इनमें लगभग 50 फीसदी वाहन बाहरी राज्यों के बताए जा रहे हैं. बड़ी संख्या में वाहनों के शहर में प्रवेश करने से प्रमुख सड़कों और पर्यटन स्थलों के आसपास ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है. शिमला के डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन ऑपरेटरों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और संयम बनाए रखने की अपील की है.

No comments