दूसरी बार बेटा नहीं जन्मा तो मां ने ही घोंटा एक दिन की बेटी का गला, अशोकनगर पुलिस ने बताया कैसे की हत्या.
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अस्पताल में जन्मी महज एक दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि जन्म देने वाली मां ने ही खुद अपनी मासूम बच्ची का गला दबाकर उसे मार डाला.
2 सितंबर को हुआ था बच्ची का जन्म
पुलिस के अनुसार, चंदेरी क्षेत्र के ग्राम सकर्रा की रहने वाली भावना विश्वकर्मा (पति केदार विश्वकर्मा) को डिलीवरी के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. महिला ने 2 सितंबर की रात करीब 11 बजे एक बच्ची को जन्म दिया. जन्म के बाद नवजात को पीएनसी वार्ड से एसएनसीयू में शिफ्ट किया गया था. 3 सितंबर को बच्ची अपनी मां के पास ही वार्ड में सो रही थी.
बेटे की चाहत और तानों का डर बनी वजह
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी करीब दो साल की एक बेटी पहले से है. इस दूसरी डिलीवरी में उसे और उसके परिवार को बेटे की उम्मीद थी. लेकिन, दोबारा बेटी पैदा होने से वह बेहद परेशान और तनाव में आ गई. उसे दोनों बच्चियों के पालन-पोषण की चिंता और परिवार से मिलने वाले तानों का डर सता रहा था. इसी मानसिक विचलन में उसने यह कदम उठा लिया.
कंबल में दबाया गला, मुंह से निकला खून
घटना के समय महिला की सास पास में ही सो रही थी. महिला ने नवजात बच्ची का कंबल के भीतर अपनी उंगलियों और अंगूठे से गला दबा दिया. करीब 2 से 3 मिनट तक गला दबाए रखने के बाद जब बच्ची शांत हो गई, तब उसने छोड़ दिया. घटना के करीब आधे घंटे बाद जब बच्ची के मुंह से खून निकलता दिखाई दिया तब महिला ने सास को बताया. सास तुरंत बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा
अशोकनगर एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने 6 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस हत्याकांड का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि उसकी मौत गला दबाने से हुई है. अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में उस जगह का फुटेज नहीं मिल सका, क्योंकि वहां कैमरा नहीं लगा था.
पुलिस की संवेदनशील पूछताछ में कबूला जुर्म
एसपी ने बताया, महिला की हाल ही में डिलीवरी हुई थी, इसलिए पुलिस ने उससे बेहद संवेदनशीलता और मनोवैज्ञानिक तरीके (साइकोलॉजिकल ट्रीटमेंट) से बातचीत की. पुलिसिया पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने पीएम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है.
No comments