Crime News: पाली में ढाबे पर खाना नहीं मिलने पर बवाल, युवक ने होटलकर्मी के सिर में मारा चाकू.

Rajasthan Crime News: राजस्थान के पाली जिले में नया गांव ट्रांसपोर्ट नगर के पास हाईवे किनारे स्थित हनुमान ढाबे पर सोमवार रात खाना नहीं होने की बात को लेकर होटल कर्मचारियों और खाना खाने आए 5-6 युवकों के बीच विवाद हो गया.
आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने पहले होटल कर्मचारी से मारपीट की और बाद में किचन में जाकर खाना बनाने के लिए कहा.
मना करने पर एक युवक ने किचन में रखा चाकू फेंककर मारा, जो कर्मचारी महेंद्र के सिर में जा लगा. घायल महेंद्र के सिर में पांच टांके लगाए सोमवार रात करीब 11:30 बजे कार और बाइक से 5-6 युवक हनुमान ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे. होटल बंद करने का समय होने के कारण कर्मचारी पप्पू ने खाना नहीं होने की बात कही. आरोप है कि इस पर युवक नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद युवक किचन में पहुंच गए.
चाकू लगने से सिर में आई चोट
किचन में काम कर रहे 28 वर्षीय महेंद्र पुत्र हनुमानराम ने भी युवकों को खाना नहीं होने की बात कही. आरोप है कि युवकों ने उससे खाना बनाने के लिए कहा. मना करने पर एक युवक ने गुस्से में किचन में रखा चाकू फेंककर मारा, जो महेंद्र के सिर में लगा. चोट लगने से उसके सिर से खून बहने लगा. घटना के बाद आरोपी युवक कार और बाइक से मौके से चले गए.
घायल महेंद्र को तत्काल पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर पांच टांके लगाए. घटना की जानकारी मिलने पर महेंद्र के परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंच गए. देर रात अस्पताल परिसर में भीड़ जमा होने से हंगामे की स्थिति बन गई. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस जाप्ता तैनात किया गया.
घायल के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
महेंद्र के भाई बंशी बंजारा ने आरोप लगाया कि रात करीब 11:30 बजे दो पुलिसकर्मियों सहित 4-5 युवक होटल पर आए थे. उनका कहना है कि खाना नहीं होने की बात कहने पर विवाद हुआ और महेंद्र के सिर में चाकू मारकर उसे घायल कर दिया गया. बंशी ने आरोप लगाया कि खाना खाने आए युवक और पुलिसकर्मी नशे में थे तथा आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है. होटलकर्मी की ओर से हमलावरों में पुलिसकर्मियों के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है.
घटना की सूचना के बाद ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने घायल महेंद्र के बयान लिए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.
No comments