मां ने खोली बेड़ियां, बेटे ने बिछा दी लाश; नाना-नानी और बहन को भी पीटकर उतारा मौत के घाट

Anuppur News: अनूपपुर जिले के करन पठार थाना क्षेत्र के अमोदा गांव में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां 32 साल के प्रेम सिंह गोंड पर अपने नाना, नानी, मां और 5 साल की मोनिका की डंडे से पीटकर हत्या करने का आरोप है.
घटना में परिवार के अन्य सदस्यों समेत चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए शहडोल अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस के अनुसार प्रेम सिंह गोंड मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है और पिछले कुछ समय से अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के घर अमोदा में रह रहा था.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच प्रेम सिंह ने गांव के मंदिर के पुजारी गंगा सिंह पर भी हमला किया था. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे काबू में कर हाथ-पैर बांधकर दिए थे. इसके बाद सुबह करीब 5 बजे प्रेम सिंह की मां अनूपिया बाई ने उसे शांत समझकर उसकी रस्सियां खोल दीं.
युवक ने पास रखे डंडे से किया हमला
इसके बाद युवक ने पास रखे डंडे से हमला कर दिया. हमले के बाद मौके पर ही युवक की मां की मौत हो गई, इसके बाद शोर को सुनकर घटनास्थल पर नाना और नानी पहुंचे, जहां उनके ऊपर युवक द्वारा लाठी डंडे से हमला कर दिया गया. हमले में 70 साल की नानी भन्नी बाई गोंड, 75 साल की नाना संपत सिंह गोंड और 50 साल की मां अनूपिया बाई की मौत हो गई. वहीं आरोपी घर से भगाने के दौरान अपने मामा और उनकी दो बेटियों पर भी डंडे से हमला किया, जो उसकी बहन लगती थीं.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घायलों को इलाज के लिए शहडोल अस्पताल भेजा गया है. इलाज के दौरान मामा की बेटी मोनिका सिंह 5 साल की भी मौत हो गई है. वही तीन अन्य घायलों का इलाज शहडोल जिला अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह गोंड को हिरासत में ले लिया है. मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
No comments