Kangra: सैर कर रहे पूर्व सैनिक पर चलाई गोली, कांगड़ा की बालकरूपी पंचायत में आरोपी फायर कर मौके से फरार

कांगड़ा जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बालकरूपी पंचायत में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात पेश आई। रोजमर्रा की तरह सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से बाहर सैर पर निकले पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह पर एक हमलावर ने पिस्तौल से गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली टांग को छू कर निकल गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल थुरल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस मामले में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है कि घायल और आरोपी एक-दूसरे के लिए पूरी तरह अनजान नहीं थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि महेंद्र सिंह पहले बद्दी स्थित एक निजी फैक्टरी में काम किया करते थे।
शत्रुघ्न भी इसी फैक्टरी में उनके साथ ही काम करता था, जिसके चलते दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह ने बीते मार्च महीने में उक्त फैक्टरी की नौकरी छोड़ दी थी। बताया जा रहा है कि उस दौरान शत्रुघ्न ने बद्दी से उन्हें उनके पैतृक घर तक छोडऩे में भी मदद की थी। एक-दूसरे से पहले से परिचित होने के बावजूद इस तरह अचानक गोली चलाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही या दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ कि एक पुराने सहकर्मी पर जानलेवा हमला करने की नौबत आ गई। घटना की सूचना मिलते ही आलमपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र रांगडा की अगवाई में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
No comments