Recent Posts

Breaking News

Weather Update: हिमाचल में बढ़ी ठंड, तेज हवाओं के बीच शुरू हुआ बारिश का दौर, पहाड़ों पर बर्फबारी


हिमाचल में एक बार फिर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही बैठा है। बुधवार रात को आसमान में छाए बादलों के बीच गुरुवार तडक़े ही बिजली चमकने और बादलों की गडग़ड़ाहट का दौर शुरू हो गया, जिसके बाद बारिश का दौर भी शुरू हो गया। इस दौरान तेज तूफान और हवाओं के बीच बारिश हुई, जिसके साथ हिमाचल में एकदम से ठंड बढ़ गई। 

गुरुवार सुबह लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे। उधर, लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। जबकि मनाली की ऊंची पहाडिय़ों और रोहतांग दर्रा में बर्फबारी शुरू हो गई। जिला कुल्लू के निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। लाहुल-स्पीति की बात करें तो शिंकुला टॉप, बारालाचा ला और कुंजुम पास पर सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। कोकसर और जिस्पा में भी लगातार हिमपात हो रहा है।

पुलिस ने पर्यटकों और आम जनता से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। लाहुल-स्पीति में मौसम ने करवट बदल ली है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। हिमपात के चलते शिंकुला टॉप, बारालाचा ला टॉप और कुंजुम टॉप की ओर वाहनों की आवाजाही एहतियातन रोक दी गई है। कोकसर और जिस्पा क्षेत्र में भी बर्फबारी जारी है, जिससे सडक़ों पर फिसलन बढऩे और वाहन चालकों के लिए जोखिम पैदा होने की आशंका है। 

डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक सफर से बचें और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर निकलने से पहले सडक़ की स्थिति की जानकारी जरूर लें। पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से प्रशासन की ओर से जारी मौसम और यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। साथ ही, मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों की अनुपालना करने को कहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

No comments