Recent Posts

Breaking News

जिंदा बेटी की 'गोरनी', लव मैरिज से नाराज पिता ने समाज बुलाकर लिया कड़ा फैसला, शादी वाले घर में मातम!.

 

जिंदा बेटी की 'गोरनी', लव मैरिज से नाराज पिता ने समाज बुलाकर लिया कड़ा फैसला, शादी वाले घर में मातम!


रतलाम: जावरा स्थित कुम्हारीपुरा क्षेत्र में हुई गोरनी चर्चा में है. यहां एक परिवार ने अपनी जीवित बेटी को मृत मानकर उसका शोक कार्यक्रम और मृत्युभोज आयोजित कर दिया. जिस घर से 3 दिसंबर को बेटी की शादी की डोली निकलनी थी, वहां आहत परिजनों ने बेटी से सारे संबंध तोड़कर मातम मना लिया.

शादी के कार्ड बंट चुके थे

जानकारी के मुताबिक, जावरा के कुम्हारीपुरा निवासी गोपाल प्रजापत की 23 वर्षीय बेटी का विवाह 3 दिसंबर को तय हुआ था. शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थीं और निमंत्रण कार्ड भी छपकर बंट चुके थे. लेकिन शादी से ठीक पहले युवती ने रिंगनोद के रहने वाले युवक से उज्जैन जाकर प्रेम विवाह कर लिया.

ससुराल वालों को बताया कर ली शादी
विवाह करने के बाद युवती ने स्वयं अपने होने वाले ससुराल में फोन करके इसकी सूचना दी. इसके बाद ससुराल पक्ष से लड़की के पिता गोपाल प्रजापत को पूरी घटना की जानकारी मिली. जिस बेटी को पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसके इस कदम से पिता और परिवार आहत हो उठे. परिजनों का कहना है कि बेटी ने शादी के समय परिवार की परवाह न करके समाज में उनकी नाक नीची कर दी.

तस्वीर पर माला चढ़ाई, स्टांप पेपर पर तोड़े रिश्ते
आहत परिवार ने बेटी को जीते-जी अपने लिए मृत मान लिया. इसके बाद बकायदा 'गोरनी' (शोक कार्यक्रम) की रस्में निभाई गईं:
- बेटी की तस्वीर रखकर उस पर फूल-माला चढ़ाई गई.
- भोग लगाकर धूप दी गई और शोक कार्यक्रम की सभी क्रियाएं की गईं.
- आए हुए लोगों और समाज को मृत्युभोज (गोरनी) करवाया गया.
- परिजनों ने बकायदा स्टांप पेपर पर दस्तावेज बनवाकर बेटी से सारे रिश्ते-नाते हमेशा के लिए तोड़ लिए.

क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना
घटना की आसपास के क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है. इससे पहले भी मंदसौर और जबलपुर शहरों में परिजनों द्वारा जीवित बेटियों का पिंडदान करने के मामले सामने आ चुके हैं. जावरा का यह मामला दर्शाता है कि आज की युवा पीढ़ी जहां जीवनसाथी चुनने में अपनी पसंद को महत्व देती है, वहीं कई परिवारों के लिए अपनी परंपराएं और अपेक्षाएं ही सर्वोपरि हैं.

No comments