Recent Posts

Breaking News

पहले हेल्थ चेकअप... फिर बोतल! शराब दुकान के बाहर बिठाए गए सरकारी डॉक्टर, सागर में अनोखी पहल.

 

पहले हेल्थ चेकअप... फिर बोतल! शराब दुकान के बाहर बिठाए गए सरकारी डॉक्टर, सागर में अनोखी पहल


Sagar News: सागर जिले में आबकारी विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर एक नई पहल की है. अब जिले की मदिरा दुकानों के बाहर सरकारी डॉक्टरों को बिठाया गया है. शराब खरीदने आने वाले ग्राहकों से डॉक्टर पहले उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ले रहे हैं.


इसके बाद ही लोगों को शराब दी जा रही है. बीना स्थित एक शराब दुकान का ऐसा ही एक वीडियो भी सामने आया है.

सागर जिला बीते दिनों शराब से हुई मौतों के कारण काफी चर्चा में रहा था. वहीं बीते 3 माह में सागर जिले में शराब सेवन के बाद मौतों के मामले सामने आए थे. हाल ही में देवरी और बंडा में 3 लोगों की शराब पीने के बाद मृत्यु हो गई थी. प्रशासन ने जब इन मामलों की विस्तृत जांच कराई, तो सामने आया कि मौतों की मुख्य वजह शराब नहीं थी. जांच में पाया गया कि उन व्यक्तियों की मौत गंभीर बीमारी और मेडिकल समस्याओं के कारण हुई थी.

नियमित पीने वालों की पहचान
इन घटनाओं के बाद वरिष्ठ अधिकारियों, कलेक्टर, एसडीएम और आबकारी सहायक आयुक्त वंदना पांडेय के निर्देशों पर यह विशेष जांच और जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मदिरा दुकानों पर जाकर नियमित शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है. जो लोग स्वेच्छा से अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहते हैं, उनकी जांच की जा रही है.

किडनी-लीवर का टेस्ट
जांच कर रहे डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि दुकानों पर आने वाले लोगों के खून की जांच की जा रही है. इसमें एलएफटी (LFT) यानी लिवर टेस्ट और आरएफटी (RFT) यानी किडनी टेस्ट शामिल हैं. इससे यह देखा जा रहा कि शराब के सेवन से लिवर और किडनी को कितना नुकसान पहुंचा है. हम लोगों को समझा रहे हैं कि शराब का स्वास्थ्य पर सीधा गलत असर पड़ता है. उन्हें सरकारी अस्पताल में मुफ्त जांच कराने और शराब छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.

आबकारी और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह अभियान जिले की सभी शराब दुकानों पर आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा. लोग चाहें तो स्वयं सरकारी अस्पताल जाकर भी अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच करवा सकते हैं.

No comments