Recent Posts

Breaking News

Himachal: नड्डा की ताजपोशी आज


Image result for images of jp nadda

Shimla:–भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को दिल्ली रवाना हो गए। वह दोपहर में पिंजौर पहुंचे और वहां से चंडीगढ़ गए। दोपहर बाद सीएम दिल्ली के लिए फ्लाइट से रवाना हुए। 

मुख्यमंत्री अब 21 जनवरी की शाम को शिमला लौटेंगे। दिल्ली में जहां नड्डा की ताजपोशी में वह शामिल होंगे, वहीं भाजपा के आला नेताओं से प्रदेश के मंत्रिमंडल पर भी चर्चा करके आएंगे। बताया जाता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा से इस सिलसिले में उनकी अलग से मुलाकात होनी है। चूंकि अब पूरी पावर नड्डा के हाथ में आ जाएगी, लिहाजा उनकी पसंद के मंत्रियों को यहां मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। अब तक जगत प्रकाश नड्डा पावरफुल तो थे, लेकिन उनके पास कार्यकारी दायित्व था, मगर अब वह राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे। 

उनकी ताजपोशी में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल के अलावा राष्ट्रीय परिषद के लिए चुने गए चार सदस्यों राकेश जमवाल, रीता धीमान, राजेंद्र गर्ग व सुखराम चौधरी भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह भी राष्ट्रीय अध्यक्ष व दूसरे नेताओं से वहां पर मिलेंगे। बिंदल पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दिल्ली जा रहे हैं और मौका राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी का है। यहां से बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता भी दिल्ली जाने वाले हैं, जोकि सोमवार सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहीं प्रदेश सरकार के मंत्री भी दिल्ली चले गए हैं, वे भी इस कार्यक्रम में वहां पर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली से अपने मंत्रिमंडल के विस्तार की हरी झंडी लेकर ही लौटेंगे।

 माना जा रहा है कि इससे पहले भी उनकी चर्चा हो चुकी है, लेकिन अब काफी बदलाव हुआ है, लिहाजा नए सिरे से इस पर दिल्ली में बात होनी जरूरी है। यहां पर विधानसभा अध्यक्ष का पद भी खाली हो चुका है, जिस पर आगे किसे बिठाया जाना है, इसे लेकर चर्चा होगी। साथ ही मंत्रिमंडल में भी दो पद खाली पड़े हैं। उम्मीद की जा रही है कि 21 जनवरी को वापस लौटकर सीएम यहां पर मंत्रिमंडल विस्तार व विधानसभा अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर काम शुरू करेंगे। 

हिमाचल में भाजपा की राजनीति का परिदृष्य अब पूरी तरह से बदलने की संभावना है क्योंकि यहां नए पार्टी अध्यक्ष की नियुक्ति से जहां नई कार्यकारिणी का गठन होगा, वहीं सरकार में भी नए चेहरे आएंगे। नड्डा की ताजपोशी के बाद प्रदेश में भाजपा की राजनीति क्या नया रंग दिखाएगी, यह देखना होगा।

No comments