Chamba: पांच मरीजों सहित 81 लोग हुए घाटी के आरपार

चंबा, पांगी : मौसम के साथ देते ही पांगी घाटी के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर राहत बन कर आया। रविवार को पांच उड़ानें हुई, जिसमें 81 लोग घाटी से आरपार हुई। रविवार को घाटी व जिला मुख्यालय चंबा के बीच हवाई उड़ानें करवाई गईं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। रविवार को पांगी घाटी से चंबा के लिए तीन तथा चंबा से पांगी के लिए दो उड़ानें हुई, जिनमें 81 लोग घाटी के आरपार हुए। इनमें घाटी मुख्यालय किलाड़ स्थित अस्पताल से चंबा के लिए रेफर किए गए पांच मरीज भी शामिल रहे। पहली उड़ान किलाड़ से चंबा के लिए करवाई गई। इसमें 17 यात्री चंबा पहुंचे।
दूसरी उड़ान में 16 यात्री तथा तीसरी उड़ान में 13 यात्री चंबा पहुंचे। जबकि, चंबा की तरफ से दो बार हुई उड़ान में कुल 36 यात्री पांगी मुख्यालय किलाड़ पहुंचे। गौरतलब है कि सर्दी के सीजन के दौरान हवाई उड़ानों के माध्यम से यात्रा करने के लिए घाटी के सैकड़ों लोगों द्वारा आवेदन किए गए थे, लेकिन, इससे पूर्व बहुत कम उड़ानें ही घाटी से चंबा के लिए हो पाई थीं। बर्फबारी के बाद पांगी घाटी का संपर्क शेष विश्व से पूरी तरह से कट जाता है। ऐसे में घाटी के लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रदेश सरकार की ओर से रियायती दरों पर मुहैय्या करवाई जाने वाली हवाई उड़ानों पर निर्भर रहती है। रविवार को जैसे ही हवाई उड़ान का शेड्यूल जारी हुआ, उसके बाद चंबा से घर वापसी की राह ताक रहे लोग सवेरे से ही हेलीपैड पर एकत्रित हो गए थे। मौसम की मेहरबानी के कारण फरवरी माह में यह तीसरी उड़ान हुई है।
बहरहाल, पांगी व चंबा के बीच पांच उड़ानें से लोग अपनी मंजिल तक पहुंच पाए। भारी बर्फबारी के कारण पांगी के लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। ऐसे में घाटी के लोगों की सुविधा के लिए नियमित उड़ानें करवाई जा रही हैं। आगामी दिनों में भी मौसम सामान्य रहा तो उड़ान का शेड्यूल जारी किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत प्रदान की जा सके।
मुकेश रेपस्वाल, अतिरिक्त उपायुक्त चंबा। घाटी से चंबा के लिए रविवार को उड़ानें करवाई गई हैं। ये उड़ानें किलाड़ से चंबा के बीच हुई हैं। विभाग का यही प्रयास है कि घाटी से चंबा के लिए पर्याप्त उड़ानें करवाई जाएं, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
No comments