Chamba: शिवभूमि सेवा दल ने उलांसा की जनता का जाना दर्द

भरमौर –शिवभूमि सेवा दल समिति खड़ामुख ने जनजागरण अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत उलांसा की जनता का दर्द जाना। इस दौरान ग्रामीणों ने उलांसा के लिए बंद पड़ी वाहन सेवा समेत कुठेहड़ परियोजना में पंचायत के हर परिवार को रोजगार देने के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य मुद्दों को सेवा दल के समक्ष रखा। पंचायत में निर्धन, अक्षम और विधवा महिलाओं को परियोजना प्रबंधन की ओर से पेंशन मुहैया करवाने की मांग भी प्रमुखता के साथ ग्रामीणों ने रखी है।
जिस पर शिवभूमि सेवा दल समिति ने पंचायत की समस्याओं और मांगों को कंपनी प्रबंधन और प्रदेश सरकार के समक्ष रख इनका हल करवाने का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को शिवभूमि सेवा दल समिति खड़ामुख के पदाधिकारियों ने उलांसा पंचायत के ग्रामीणों से बैठक की। इस दौरान शिवभूमि सेवा दल के महासचिव बाली राम, अनिल कुमार व हेमराज समेत अन्य मौजूद रहे। इस मौके पर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी मांगों और समस्याओं को शिवभूमि सेवा दल के समक्ष रखा। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बर्फबारी के चलते उलांसा रोड़ क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसकी अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई है। पंचायत के लोगों का कहना था कि यहां पर प्रोजेक्ट का पॉवर हाउस बनना है।
लिहाजा पंचायत के प्राकृतिक संसाधनों को भी यहां पर नुकसान उठाना पडे़गा। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत का प्रत्येक घर सेब के कामकाज से जुड़ा है। ग्रामीणों ने एनएचपीसी से पंचायत के हर परिवार को मिलने वाली राशि दो वर्षों से न मिलने का मामला भी बैठक में रखा। सर्दियों में बर्फबारी के चलते पौधों को हुए नुकसान का मुआवजे की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। बैठक में ग्रामीणों ने पूर्व में कंपनी की ओर से स्कूलों में रखे शिक्षकों की दोबारा तैनाती करने की मांग भी प्रमुखता के साथ उठाई है। शिवभूमि सेवा दल समिति ने ग्रामीणों को उनकी मांगों को प्रशासन व सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया है।
No comments