Hamirpur: 350 इंडक्शन, 350 लैंप, 300 साइकिलें बांटीं

भोटा –केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोरसू में भवन एवं सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित सामग्री वितरण समारोह में लगभग एक हजार पात्र लाभार्थियों को इंडक्शन हीटर, लैंप एवं साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि मनरेगा व अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक वर्ग देश को आगे बढ़ाने में अपना श्रम व समय अर्पित कर रहे हैं और क्षेत्र के विकास में भी इनका अमूल्य योगदान रहता है।
ऐसे श्रमिकों को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न सामग्री वितरित की जाती है, ताकि उनका जीवन और सुलभ हो सके। उन्होंने इस मंच से लगभग 350 इंडक्शन हीटर, 350 लैंप तथा 300 साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार व श्रम विभाग का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर मोरसू स्थित लगभग 45 कनाल के मौदान में सभी प्रकार की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने व खेल ढांचा विकसित करने का आश्वासन दिया। इसके लिए संबंधित विभागों को प्राक्कलन इत्यादि तैयार करने के मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर ही जनसमस्याओं का निराकरण भी किया।
इससे पूर्व उन्होंने समीरपुर में भी जन समस्याएं सुनीं। इस मौके पर मौजूद पूर्व विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के मनरेगा मजदूरों को विभिन्न लाभ केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने पुलवामा हमले की प्रथम बरसी पर शहीदों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा। इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला परिषद सदस्य अंजु धीमान, पंचायत समिति सदस्य प्रीत्तम चंद, मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, महामंत्री चत्तर सिंह व जसवीर पटियाल, हरीश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुभाष बनयाल, जिला प्रवक्ता आदर्श कांत, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान राजेश कुमार व उपप्रधान हक्कू राम, उपायुक्त हरिकेश मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, उपमंडलाधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
महिला मंडलों ने किया सम्मानित
कार्यवाहक श्रम अधिकारी प्यारे लाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया, जबकि भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष तिलकराज शर्मा ने भी अपने विचार रखे। स्थानीय भाजपा मंडल तथा महिला मंडल सिद्धपुर, मोरसू पट्टी व मोरसू झीरां की ओर से मुख्यातिथि को सम्मानित किया गया।
No comments