Hamirpur: फंदा लगाने वाली छात्रा की किताब में मिला सुसाइड नोट, युवक पर मारपीट के आरोप

नादौन (हमीरपुर)। जिला मंडी में छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। छात्रा की किताब में एक सुसाइड नोट मिला है। जिसको मंडी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सुसाइड नोट में छात्रा ने एक युवक पर उसके साथ मारपीट के आरोप लगाए हैं। साथ ही लिखा है आई मिस यू मम्मी-पापा।
नादौन क्षेत्र के ग्वाल पत्थर से एक छात्रा निजी कॉलेज मंडी में पढ़ती थी। गत माह उसने मंडी में स्थित अपने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने क्षेत्र के ही एक युवक को पहले से ही हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के कमरे की तलाशी ली लेकिन, परिजनों के मुताबिक पुलिस ने जांच के दौरान कुछ एक बातों को अनसुना किया तथा घटना के दौरान पुलिस को सुसाइड नोट हाथ नहीं लगा, ऐसा आरोप लड़की के परिजनों ने लगाया है। जब परिजनों ने छात्रा के सामान की जांच पड़ताल की तो उन्हें छात्रा की किताब में एक सुसाइड नोट प्राप्त हुआ।
जिसकी सूचना उन्होंने मंडी पुलिस को दी तथा मंडी पुलिस ने रविवार को नादौन पहुंचकर उस सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने इस सारे मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। उधर, एसपी मंडी गुरदेव सिंह ने सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि की है तथा उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट की जांच के उपरांत ही कुछ कहा जा सकता है और घटना के वक्त यह सुसाइड नोट पुलिस के हाथ नहीं लगा, इसकी जांच भी की जाएगी। एसएचओ नादौन प्रवीण राणा ने कहा कि मंडी पुलिस की टीम के साथ वह भी मौके पर गए थे।
No comments