Hamirpur: विपक्ष को अपना दुश्मन समझती है सरकार

हमीरपुर-सत्ता में बैठे भारतीय जनता पार्टी के नेता विपक्ष को अपना दुशमन समझने लगे हैं। यह लोकतंत्र के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। विपक्ष ने कभी सत्तापक्ष को अपना दुशमन नहीं समझा है। विचारों में भिन्नता होना एक बात है, लेकिन विपक्ष के साथ शत्रुओं जैसा व्यवहार करना लोकतांत्रिक प्रणाली का हिस्सा नहीं है। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर का। शनिवार को हमीरपुर में एक रिटायरमेंट में पहुंचे पीसीसी चीफ ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली चुनावों को प्रभावित करने का पूरा प्रयास किया है। यही नहीं, सांप्रदायिक माहौल बनाकर देश की एकता और अखंडता को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है।
लोकतंत्र में चुनाव महत्त्वपूर्ण होते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के लिए जो स्तर भाषा का भारतीय जनता पार्टी का रहा है, उसके दूरगामी परिणाम होंगे। भाजपा में दिल्ली चुनावों में सत्ता का पूरा दुरूपयोग किया है। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर पूछे सवाल पर राठौर ने कहा कि इसी माह कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया जाएगा। संगठन में जोश के साथ होश बनाए रखने के लिए वरिष्ठजनों के साथ युवाओं को भी स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस और एनएसयुआई पार्टी की भुजाएं हैं, जिन्हें और मजबूत किया जाएगा। कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर पीसीसी चीफ ने कहा कि मौजूदा समय में कांग्रेस एकजुट है, गुटबाजी पर लगाम लगी है। उन्होंने कहा कि विचारों में भिन्नता को गुटबाजी नहीं कहा जा सकता। सबको अपनी बात कहने का हक है।
सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की, तो बाहर
कुलदीप राठौर ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। यदि कांग्रेस का कोई भी पदाधिकारी सोशल मीडिया या मीडिया में पार्टी के किसी भी नेता या पदाधिकारी के खिलाफ टिप्पणी करता है, तो उस पर सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और उसे संगठन से बाहर कर दिया जाएगा, फिर चाहे वह कितना भी वरिष्ठ क्यों न हो।
No comments