Himachal: प्रदेश में हफ्ता भर साफ रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ साथ शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी और डलहौजी में अगले सप्ताह के दौरान मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के इन क्षेत्रों में 14 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी 10 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 11 व 12 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर बारिश बर्फवारी होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद 13-14 फरवरी को उच्च पर्वर्तीय क्षेत्रों में भी मौसम साफ बना रहेगा।
शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। चटक धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। तापमान में उछाल आने के बाद जनता को दिन के समय ठंड से काफी हद तक की राहत मिली है। डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा चार डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। भुंतर, सोलन में तीन, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर के तापमान में दो डिग्री तक का उछाल आंका गया है। केलांग का अधिकतम तापमान अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है।
राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रिकार्ड किया जा रहा है, मगर तापमान में उछाल आने के बाद जनता ने प्रचंड ठंड से काफी हद तक की राहत की सांस ली है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कल्पा, केलांग, मनाली, व कुफरी का तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 14 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। वहीं, उच्च पर्वर्तीय क्षेत्रों में 11 व 12 फरवरी को बारिश-बर्फबारी होगी।
No comments