Una: एएफसी अंबोटा-ईगल क्लब खेलेगा सेमीफाइनल

गगरेट – राजकीय माडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अंबोटा के खेल मैदान में आयोजित जिला की प्रतिष्ठित स्टार फुटबाल ट्रॉफी में एएफसी अंबोटा सेमीफाइनल मुकाबले में ईगल क्लब गगरेट से भिड़ेंगी। जबकि गुगलैहड़ क्लब व शिवा क्लब फाइनल में प्रवेश करने के लिए सेमीफाइनल में जोर आजमाइश करेंगी। शनिवार को हुए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। ट्रॉफी के तीसरे दिन उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डा. गुरदेव सिंह व उनकी पत्नी प्रोफेसर कमल इंद्र कौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए खिलाडि़यों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने ट्रॉफी के सफल संचालन के लिए 31 हजार रुपए आयोजक समिति को देने का ऐलान किया। शनिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला एएफसी अंबोटा व घनारी के बीच खेला गया। इसमें एएफसी अंबोटा से चार-एक से आसान जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश पा लिया। वहीं, डायमंड क्लब अंबोटा व गुगलैहड़ क्लब के बीच हुए संघर्षशील मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित समय में एक भी गोल नहीं दाग सकीं।
बाद में पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से मैच के हुए फैसले में गुगलैहड़ की टीम ने पांच-चार से मैच जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह आसान कर ली। उधर, चरुड़ू क्लब के निर्धारित समय तक मैदान में न पहुंचने पर शिवा क्लब की टीम वाक ओवर के सहारे सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई। ईगल क्लब गगरेट व दौलतपुर चौक क्लब के बीच हुआ क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी रोमांचक रहा। ईगल क्लब ने मैच के पहले हाफ में ही गोल दाग कर एक-शून्य की बढ़त बना ली। हालांकि दौलतपुर चौक क्लब को भी बराबरी के कई मौके मिले लेकिन वह एक भी मौके को गोल में तबदील नहीं कर पाई। उधर, स्टार फुटबाल ट्रॉफी के साथ चल रहे कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कबड्डी के जूनियर व सीनियर वर्ग में खिलाडि़यों ने खिताब पाने की रेस में खूब पसीना बहाया। अंडर-18 के जाड़ला कोयड़ी व गगरेट में हुए मुकाबले में गगरेट की टीम 29-14 से मैच जीतने में दर्ज रही।
कबड्डी के मुकाबलों में दि विशाल हिमाचल गुड्स ट्रांसपोर्ट सोसायटी द्वारा हर मैच में मैन ऑफ दि मैच रह रहे खिलाडि़यों को नकद पुरस्कार से भी नवाजा जा रहा है। उधर, अंबोआ की टीम ने मवा सिधियां को 58-32 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। नालागढ़ व अंदौरा के बीच खेले गए मैच में नालागढ़ की टीम ने 41-29 से मैच जीत कर अपना जीत का सफर लगातार जारी रखा। अंडर-18 का सेमीफाइनल मुकाबला नालागढ़ व गगरेट की टीम के बीच खेला गया और नालागढ़ की टीम ने 41-16 से मैच जीत कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। वहीं, सीनियर वर्ग में ट्रक यूनियन गगरेट की टीम ने नैहरियां की टीम को 64-40 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया तो मवा सिधियां की टीम ने दौलतपुर चौक की टीम को 33-8 से हराकर अपना अगला सफर जारी रखा।
No comments