Hamirpur: ट्रक की टक्कर से एक की टूटी टांग, दूसरा गंभीर घायल

गारली (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत गारली-मैहरे सड़क पर बुधवार को एक ट्रक ने स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों गंभीर घायलों को बड़सर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में एक युवक की टांग में फ्रेक्चर है, जबकि दूसरे की रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंचने की सूचना है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे सतीश कुमार (35) पुत्र जगदीश चंद और बगू राम (50) गांव सुनवीं राजपूतां स्कूटी पर सवार होकर मैहरे में अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान मैहरे की तरफ से आ रहे ट्रक ने गारली के नजदीक मोहलवीं में एक तीखे मोड़ पर उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारकर ट्रक चालक वहां से ट्रक लेकर भाग गया।
घायलों को किसी राहगीर ने देखा और 108 पर एंबुलेंस की मदद से बड़सर अस्पताल पहुंचाया। वहां से उनकी हालत को नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उपरांत ऊना अस्पताल रेफर किया गया है। फरार ट्रक चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई हैं। पुलिस को फरार ट्रक चालक के बारे में सुराग मिले हैं तथा शीघ्र ही आरोपी ट्रक चालक को पकड़ा जा सकता है। प्रशासन की तरफ से दोनों घायलों को तहसीलदार बड़सर ने तीन हजार और पांच हजार फौरी राहत के तौर पर दिए हैं। वहीं, एसएचओ बड़सर कुलदीप कुमार ने कहा कि मामला दर्ज करके आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
No comments