Recent Posts

Breaking News

Himachal: तेंदुओं की चार खालों के साथ तीन लोग गिरफ्तार, एसआईयू ने किया गिरोह का भंडाफोड

तेंदुओं की खालों के साथ आरोपी

सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने जंगली जानवरों के अंगों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसआईयू की टीम ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र के खाला क्यार नामक स्थान पर तीन व्यक्तियों को तेंदुओं की चार खालों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी तेंदुए की खालें कहां से लेकर आए थे? कहां लेकर जा रहे थे? इसका पता नहीं चल पाया है।

पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।जानकारी के अनुसार एसआईयू की नाहन टीम ने जंगली जानवरों के अंगों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को एसआईयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खाला क्यार से कोटी धीमान सड़क पर तीन व्यक्तियों को तेंदुए की चार खालों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से बरामद खालों में तीन वयस्क तेंदुए व एक शावक की है।

एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि तीनों के खिलाफ रेणुका थाना में वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने यह खालें किस तरह से प्राप्त की और इन खालों को बेचने आदि की क्या योजना है। इसके साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों के साथ और कौन लोग शामिल हैं ।  इस गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली टीम में एसआईयू नाहन की प्रभारी प्रियंका ठाकुर के अतिरिक्त एचसी पंकज चंदेल, एचसी जुलफान मोहम्मद, विनय कुमार, नवराज व सुहैब शामिल थे।


ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बलबीर सिंह, पुत्र मेहर सिंह निवासी उगर कांडो तहसील संगड़ाह  जिला सिरमौर, नारायण सिंह पुत्र रूप सिंह निवासी कांडो हरयास तहसील ददाहू और जीवन सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी कांडो हरयास तहसील ददाहू को गिरफ्तार किया गया है।

No comments