Una: मेधावियों को दो साल बाद अब मिलेंगे लैपटॉप
ऊना। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मेरिट में स्थान पाने वाले मेधावियों को दो साल बाद लैपटॉप जारी किए हैं। सत्र 2017-18 में मेरिट लिस्ट में शामिल मेधावी विद्यार्थियों को वर्ष 2020 में इसका आवंटन होने जा रहा है। सरकार की लेटलतीफी से मेधावी विद्यार्थियों में रोष है। पिछले दो वर्ष से प्रदेश के हजारों विद्यार्थी लैपटॉप का इंतजार कर रहे हैं। नियमानुसार मार्च की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट लिस्ट में आने वाले विद्यार्थियों को एक वर्ष के भीतर ही लैपटॉप देने होते हैं, लेकिन धरातल पर मेधावी विद्यार्थियों को समय पर लैपटॉप नहीं मिल पा रहे हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड की लापरवाही का आलम यह है कि वो अब तक मेरिट लिस्ट तक जारी नहीं कर पाया है। इससे मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त सरकार की ओर से विद्यार्थियों को वर्दियां भी दो वर्षों के बाद भी मिली थी। इसका भी बाद में रंग उतर गया था। इसके अलावा स्कूली बच्चाें को बांटे थैले भी कुछ दिन में ही फटने शुरू हो गए थे।
ऊना पहुंचे 892 लैपटॉप
सरकार ने जिले के मेधावी विद्यार्थियों को लिए 892 लैपटॉप जारी कर दिए है। इनमें से दसवीं और 12वीं के लिए 815 लैपटॉप और 77 लैपटॉप कॉलेज स्तर पर मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। इसके 178 के करीब बॉक्स हैं। एक बॉक्स में 5 लैपटॉप हैं।
लिस्ट अपलोड होते ही करेंगे आवंटन : राणा
उच्च शिक्षा उपनिदेशक पीसी राणा ने कहा कि अभी सत्र 2017-18 मार्च की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट लिस्ट में आये विद्यार्थियों सूची नहीं आई है। जैसे ही सूची मिलती है, लैपटॉप बांटना शुरू कर दिए जाएंगे।
No comments