Recent Posts

Breaking News

Mandi: सालों से गैरहाजिर देवताओं को न भेजें न्योता


मंडी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में कई वर्षों से नहीं आ रहे देवी-देवताओं को न बुलाने की मांग सर्व देवता समिति ने की है। सर्व देवता सेवा समिति का कहना है कि रियासत काल उठने के बाद तेरह ऐसे देवी-देवता हैं, जो शिवरात्रि में बार-बार प्रशासन द्वारा निमंत्रण पत्र भेजे जाने के बाद भीं नहीं आ रहे हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त आठ ऐसे देवी-देवता पंजीकृत हैं, जो ठाकुर के रूप में हैं और यह ठाकुर निजी परिवार के हैं।

 इस पर समस्त कारदारों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इन देवी-देवताओं के पदाधिकारी से पत्राचार करके समाधान किया जाए तथा नहीं आना चाहते तो निमंत्रण पत्र न दिया जाए। गुरुवार को सर्व देवता समिति की बैठक पंडित शिवपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जलेब में चलने वाले कारदारों ने आश्वासन दिलाया कि प्रोटोकॉल के हिसाब से देवी-देवता क्रमवार चलेंगे और यह कोशिश होगी कि जलेब कहीं भी टूटे न। 

वहीं समिति ने देवी-देवताओं में बजंतरियों की अहम भूमिका को देखते हुए प्रशासन से अनुरोध है कि दस हजार रुपए प्रति प्राचीन देवता और पांच हजार रुपए अन्य पंजीकृत देवताओं के बजंतरियों को दिए जाएं, जिससे बजंतरियों का मनोबल बढ़े और आने वाली पीढ़ी वाद्ययंत्र का ख्याल रखेगी। वहीं समिति ने इस बार मानदेय भत्ता व राशन भत्ता 20 प्रतिशत बढ़ाने की भी मांग प्रशासन से की है। बैठक में मोहन ठाकुर, भीम चंद सरोच उपप्रधान, प्रवीण शर्मा महा लेखाकार, दिनेश शर्मा महासचिव, रेवती शर्मा कोषाध्यक्ष, नरेश ठाकुर, कानूनी सलाहकार, हेम सिंह ठाकुर मुख्य सलाहकार, युद्ध कुमार शर्मा, हिम्मतराम सलाहकार,  अमर सिंह  वरिष्ठ सदस्य, लेखराज, भीष्म सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, मनोज कुमार, भीमदेव, बाला राम, तीर्थ राज, बूधे राम,  सूरत राम,  डूमणू राम, धमर् चंद शर्मा, डूमे राम और कर्म सिंह इत्यादि ने भाग लिया।

No comments