Kangra: कमरे में सो रहा व्यक्ति जिंदा जला, सामान भी जलकर राख

मीट मार्केट रोहड़ू के पास कमरे में सो रहा एक व्यक्ति जिंदा जल गया। दर्शन लाल पुत्र श्याम सुंदर निवासी करनाल (हरियाणा) रोहड़ू में प्रेशर कुकर की मरम्मत का कार्य करता था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन ने मौके पर जाकर पीड़ित परिवार को 15 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
जानकारी के मुताबिक दर्शन लाल मीट मार्केट के पास किराये के कमरे में रहता था। वह कमरे में अकेला रह रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पड़ोसियों ने दर्शन लाल के कमरे से आग की लपटें और धुआं निकलते देखा। बचाव के लिए पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तुरंत घटना की सूचना अग्निशमन केंद्र, पुलिस और प्रशासन को दी गई। पड़ोसियों ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर आग की लपटे चारों ओर थीं। कमरे में रखा सारा सामान जल गया था। बिस्तर भी जल गया था।
दर्शन लाल भी काफी झुलस चुका था। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। शव को कमरे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू लाया गया। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने बताया कि आग में जलने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को फौरी राहत दे दी गई है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उधर, डीएसपी सुनील नेगी ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
आगे पढ़ें
No comments