Chamba: पठानकोट-भरमौर एनएच से हटाए कब्जे

चंबा – पठानकोट-भरमौर पर एनएच पर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ एनएच प्रबंधन ने मुहिम छेड़ दी है। गुरुवार को एनएच प्रबंधन की देख-रेख में गुरूवार को बालू पुल से सुल्तानपुर की ओर अवैध कब्जों को हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी विशेष रूप से मौजूद रहा। अधिशाषी अभियंता एनएच मंडल चंबा राजेंद्र शेखरी की अगवाई में गुरूवार को अवैध निर्माण को हटाने के कार्य को अंजाम दिया गया। उल्लेखनीय है कि इन दिनों एनएच का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
मार्ग को डबललेन किया जाना है, जिसके लिए विभाग की ओर से निशानदेही की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही, गत सप्ताह उन्हें एक बार फिर मौखिक रूप से अवैध रूप से किए कब्जे को स्वयं हटाने को कहा था, जिसके परिणामस्वरूप अधिकतर लोगों ने रविवार को स्वयं विभाग का सहयोग करते हुए अवैध कब्जे हटा लिए थे, जबकि कुछेक लोगों के कानों पर जूं नहीं रेंगी थी। लिहाजा गुरुवार को एनएच प्रबंधन ने पुलिस दल सहित मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे हटाए। उधर, अधिशाषी अभियंता एनएच मंडल चंबा राजेंद्र शेखरी ने बताया कि मार्ग को करीब 35 फुट चौड़ा किया जाना है। बालू से करियां तक निशानदेही प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
इसके बाद बालू से करियां की ओर अवैध कब्जाधारियों को हटाने के कार्य को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा है कि जिन लोगों द्वारा अवैध निर्माण किए हैं, वे स्वयं ही हटा लें अन्यथा मजबूरी में विभाग को हटाने पड़ेंगे।
No comments