Recent Posts

Breaking News

Mandi: जलवाहकों को जल्द पक्का करे सरकार


सुंदरनगर – अंशकालीन जलवाहक कम सेवादार संघ ने शिक्षा विभाग से अन्य विभागों में भेजे गए जलवाहकों को जल्द नियमित करने की मांग की है। सुंदरनगर में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जलवाहकों ने सीधे शब्दों में चेताया है कि यदि शीघ्र 14 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर चुके जलवाहकों को नियमित नहीं किया, तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को बाध्य होना पड़ेगा। 

बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रधान भुट्टो राम ने कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत मंडी जिला के कुल 100 जलवाहकों में से 50 को स्वास्थ्य विभाग, एग्रीकल्चर और तकनीकी शिक्षा विभाग में भेजा गया था। इनमें 37 को स्वास्थ्य, चार एग्रीकल्चर और 14 तकनीकी शिक्षा विभाग में भेजे गए हैं। तकनीकी शिक्षा विभाग ने महज तीन महीने के बाद ही सभी जलवाहकों के नियमितीकरण के आदेश जारी कर दिए, लेकिन स्वास्थ्य और एग्रीकल्चर विभाग चार महीने बीत जाने पर भी इस मामले में सुस्त रवैया अपनाए हुए है। 

उन्होंने बैठक में प्रदेश सरकार से जलवाहकों को 14 के बजाय 10 वर्ष में नियमित करने, अंशकालीन को पांच वर्षों में डेलीवेज बनाने, उन्हें दिवाली, बरसात और सर्दियों की छुट्टियों का वेतन प्रदान करने और सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने की मांगों को इस बजट सत्र में पूरा करने की मांग की है। बैठक में बृद्धि सिंह, हेतराम, हितेष चंदेल, रोशन लाल, मेहर सिंह, रुमा देवी, जयवंति, श्रवण कुमार, जीत राम, रुप लाल, सुमना देवी, बृजलाल, गीता देवी, उत्तम चंद, कृष्ण लाल, खेम चंद भी मौजूद रहे।

No comments