Mandi: अद्भुत नजारा…स्वर्ग बनी धरती

मंडी – देवध्वनियों से गूंजती छोटी काशी की फिजाएं और धरती पर उतरे देवी देवताओं को निहारती हजारों आंखें। सोने चांदी से सजे संवरे देवी-देवताओं को देखकर झुकते हजारों शीश। जहां भी नजर दौड़ाएं, उधर आस्था और उल्लास से भरे लोग और देवध्वनियों पर नाचते गाते सैकड़ों देवलू। इस सुंदर नजारे के शनिवार को हजारों लोग प्रदेश की छोटी काशी मंडी में गवाह बने। यह सुंदर व दैवीय नजारा शनिवार को वर्ष के पहले सबसे बडे़ देव कुंभ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आगाज पर बना।
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी का आगाज शनिवार से हो गया है। इस अवसर पर महोत्सव में राजमाधव की पहली शाही जलेब धूमधाम से निकली, जिसे देखने के लिए हजारों लोग उमड़ पडे़। शाही जलेब देखने और शामिल होने के लिए इतने लोग उमड़े कि छोटी काशी में तिल धरने की भी जगह नहीं बची। शाही जलेब में देव छानणू-छमाहूं की जोड़ी सबसे आगे रही। देवताओं के आगे बज रहे रणसिंगे-करनाल की ध्वनियां पूरी छोटी काशी में गूंज रही थीं।
देवों के साथ नाचते-गाते देवलू और लोगअपनी प्राचीन परंपरा को निभा रहे थे। वहीं शाही जलेब में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने मंत्रियों संग शिरकत की। उन्होंने इससे पहले राजमाधव मंदिर में पूजा अर्चना भी की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पड्डल मैदान से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत आगाज किया। वहीं शिवरात्रि महोत्सव के दौरान निकलने वाली माधोराय की जलेब में सबसे पहले प्रदेश के 50 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास को दिखाते हुए विभिन्न विभागों की सुंदर झाकियां चलीं। तो विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने भी नाचते गाते हुए शिरकत की। वहीं इसके बाद बालीचौकी क्षेत्र के देवता छानणू-झमाहूं की जोड़ी ढोल नगाड़ों की लय पर झूमते हुए सबसे आगे चल रही थी।
इसके पश्चात सराज, सनोर-बदार क्षेत्र के देवता जो रियासत काल से अपने-अपने क्रम के अनुसार राजदेवता की जलेब में शामिल हुए। इनमें देव शुकदेव ऋषि थट्टा और शुकदेव ऋषि घाटीहाड़, देव मार्कंडेय कोटलू, देवी अंबिका डाहर, देव मतलोड़ा, देव गणपति आदि शामिल हुए, जबकि राजदेवता माधोराय की पालकी के ठीक आगे स्नोरघाटी की भगवती अंबिका नाऊ चल रही थीं। देवी-देवताओं के संग हजारों देवलुओं ने नाचते गाते शिरकत की। राज माधव से शुरू हुई जलेब पड्डल मैदान में जाकर संपन्न हुई।
शाही जलेब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, राकेश जम्वाल, हीरा लाल, जवाहर ठाकुर व प्रकाश राणा, मिल्कफेड चेयरमैन निहाल चंद शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष सरला ठाकुर, मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन और उपायुक्त मंडी ऋग्देव ठाकुर व एसपी मंडी गुरेदव शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
No comments