Mandi: सरकारी स्कूल का हाल, यहां एक विद्यार्थी को पढ़ा रहे दो जेबीटी शिक्षक

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था का हाल देखिए। कुल्लू के मासू प्राइमरी स्कूल में पिछले करीब एक साल से एक ही छात्रा है। यह छात्रा तीसरी कक्षा में है जबकि उसको पढ़ाने के लिए दो जेबीटी शिक्षक तैनात हैं। बीते सत्र में इस स्कूल में मात्र दो विद्यार्थी ही थे। 1998 में खुले इस स्कूल में दोनों शिक्षक जेबीटी हैं। दो बच्चों पर दो शिक्षक होने के बावजूद छात्र संख्या बढ़ने के बजाय एक बच्चा स्कूल छोड़ गया।
हालांकि, चार महीने पहले शिक्षा उपनिदेशक ने एक अध्यापक को डेपुटेशन पर दूसरे स्कूल भेेजा था, लेकिन अध्यापक ने जुगाड़ लगाकर अपने आदेश रद्द करवा लिए। इसके बाद दोनों अध्यापक मासू में ही सेवाएं दे रहे हैं। गौर करने लायक है कि पांच कक्षाओं के स्कूल में बची एकमात्र छात्रा स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के अध्यक्ष की बेटी हैं। दूसरी ओर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब दस हजार शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं।
एसएमसी अध्यक्ष बेली राम ने कहा कि स्कूल में महज एक ही छात्रा उनकी बेटी पढ़ रही है। स्कूल में दो अध्यापक हैं। उन्होंने कहा कि मासू में बच्चों की संख्या इस बार नहीं बढ़ी। अगले सत्र में यहां पर बच्चों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कुल्लू-एक भाग चंद ठाकुर ने कहा कि स्कूल में इस सत्र में महज एक ही छात्रा पढ़ रही है। एक शिक्षक को डेपुटेशन पर दूसरे स्कूल भेजा गया था, लेकिन अध्यापक ने ऑर्डर रद्द करवाकर वहां ज्वाइन ही नहीं किया।
No comments