Shimla: जैदी के खिलाफ एक और विभागीय जांच

शिमला – पुलिस विभाग के निलंबित अफसर जहूर एच जैदी के खिलाफ एक और विभागीय जांच शुरू हो गई है। कुछ समय पहले बहाल होने के बाद दोबारा से उनको सस्पेंड कर दिया गया था, क्योंकि उनके खिलाफ शिमला की तत्कालीन एसपी सौम्या पर दवाब बनाने का आरोप लगा था। इस मामले में सस्पेंड हुए जैदी के खिलाफ अब इसी मसले में विभागीय जांच शुरू हो गई है। वह कोटखाई छात्रा हत्याकांड प्रकरण से जुडे़ सूरज हत्याकांड मामले में पहले से आरोपी हैं।
जानकारी के अनुसार विभागीय जांच एक नहीं, बल्कि तीन-तीन विभागों से करवाई जाएगी। गृह, विधि और पुलिस विभाग जैदी के खिलाफ विभागीय जांच करेगा। उसके बाद जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। हालांकि जैदी का हैडक्वार्टर अब एडीजी होमगार्ड कार्यालय है। गृह विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जहूर जैदी आगामी 17 मार्च तक निलंबित हैं। कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रदेश सरकार ने जैदी को सस्पेंड किया था और विभागीय जांच भी शुरू हो चुकी है। पुलिस महानिदेशक, सचिव विधि और सचिव गृह की देखरेख में यह जांच शुरू हो रही है।
इसके साथ-साथ प्रदेश सरकार जैदी को चार्जशीट भी कर सकती है। बताया गया कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही चार्जशीट की प्रक्रिया शुरू होगी। सूरज हत्याकांड मामले के दौरान कमांडेंट थर्ड आईआरबी एवं शिमला की पूर्व एसपी सौम्या सांबशिवन की भी गवाही हुई। उन्होंने आईजी जैदी के खिलाफ एक आवेदन भी अदालत में दिया था, जिसमें कहा गया था कि जैदी ने उन पर बयान बदलने का दबाव डाला था। जिस पर सीबीआई की विशेष अदालत ने प्रदेश पुलिस महानिदेशक को एक नोटिस जारी किया। नोटिस के जरिए मामले को देखने और आईजी जहूर जैदी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। सौम्या सांबशिवन ने आवेदन दायर करते हुए कहा था कि आईजी जैदी ने पक्ष में गवाही देने के लिए उन पर दबाव बनाया और उन्हें मानसिक दबाव झेलना पड़ा। प्रदेश सरकार ने पिछले महीने 16 जनवरी को उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया था।
No comments