Himachal: बड़ी खबर : 11 लाख APL परिवारों को भी अप्रैल में दो माह का राशन कोटा

कोरोना वायरस के चलते प्रदेश सरकार अप्रैल में एक साथ सभी साढ़े 18 लाख उपभोक्ताओं को दो माह के राशन कोटे का राशन भेजने की तैयारी में जुट गई है। एनएफएसए के अलावा सभी अंत्योदय, बीपीएल और एपीएल परिवारों को भी दो माह का राशन एकसाथ मिलेगा। सरकार ने खाद्य एवं आपूर्ति निगम को गोदामों से पहली अप्रैल के बाद तुरंत राशन कोटे की सप्लाई भेजने की हिदायत दी है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी डिपोधारकों को दो माह के राशन कोटे की डिमांड एकसाथ भेजने के निर्देश दिए हैं। डिपो में उपभोक्ताओं की भीड़ न लगे, इसके लिए राशन कार्ड की कैटेगिरी के अनुसार राशन वितरण का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इसमें अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को सबसे पहले कोटा आवंटित किया जाएगा। उसके बाद एनएफएसए/बीपीएल और अंत में एपीएल राशन कार्ड धारक को राशन दिया जाएगा।
वर्तमान में सूबे में साढे़ 18 लाख राशन कार्ड धारक हैं, जिसमें एपीएल कैटेगिरी के साढे़ 11 लाख उपभोक्ता हैं। बीपीएल में पौने तीन लाख और अंत्योदय/एनएफएसए के लगभग चार लाख उपभोक्ता हैं। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कांगड़ा नरेंद्र धीमान ने कहा कि अप्रैल-मई माह का कोटा एक साथ वितरित किया जाएगा। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति निगम को डिमांड भेजी जा रही है।
मार्च का कोटा अगले महीने भी ले सकते हैं उपभोक्ता
सूबे में लगभग 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने मार्च महीने का राशन कोटा डिपो से उठा लिया है। जो उपभोक्ता किसी कारण से राशन नहीं ले पाए हैं, वह अगले माह भी मार्च महीने का कोटा ले सकते हैं।
No comments