Kangra: स्कूटर को टक्कर मारने के बाद सवार को घसीटता हुआ ले गया ट्रक, मौत

हिमाचल के कांगड़ा जिले के उपमंडल जवाली में स्कूटर को टक्कर मारने के बाद ट्रक सवार को घसीटता हुआ दूर तक ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को जवाली-राजा का तालाब मार्ग पर हरनोटा के समीप एक युवक का शव मिला है।
मृतक युवक की पहचान शेखर (17) पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी समलाना के रूप में हुई है। जवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना जवाली से मिली जानकारी के अनुसार शेखर व नाजर सिंह स्कूटर पर सवार होकर समलाना जा रहे थे।
तभी जवाली से राजा का तालाब जा रहे ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे नाजर सिंह की टांग टूट गई। जबकि शेखर ट्रक के साथ फंस गया। ट्रक उसको घसीटता हुआ हरनोटा तक ले गया व वहां पर उसका शव मिला। ट्रक चालक फरार हो गया।
पुलिस सूचना मिलते ही मौका पर पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया। घायल को उपचार के लिए टांडा ले गए थे। पुलिस ने टांडा में पहुंचकर घायल नाजर सिंह के बयान दर्ज कर लिए हैं।
एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि पुलिस ने बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया है व आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक ट्रक का पता नहीं चल पाया है व सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जाएगी।
No comments