महाकुंभ को देखते हुए प्रयागराज से 20 नई फ्लाइट 10 जनवरी से होंगी शुरू, इन शहरों के लिए कराएं डायरेक्ट बुकिंग

Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं. महाकुंभ पर प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने घोषणा की है कि प्रयागराज हवाई अड्डे से 20 नई उड़ानें शुरू की जाएंगी. ये उड़ानें श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के साथ-साथ प्रयागराज को देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ेंगी. आइए जानते हैं, इस कदम से यात्रियों और स्थानीय लोगों को क्या लाभ होगा.
महाकुंभ 2025 के भव्य आयोजन को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने प्रयागराज हवाई अड्डे से 20 नई उड़ानों की शुरुआत का ऐलान किया है. यह सेवाएं 10 जनवरी 2025 से प्रभावी होंगी. नई उड़ानें प्रयागराज को दिल्ली, कोलकाता, जयपुर, गुवाहाटी, जबलपुर, भुवनेश्वर, चंडीगढ़ और देहरादून जैसे बड़े शहरों से जोड़ेंगी. AAI के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महाकुंभ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा को आसान बनाना है. हर 12 वर्षों में आयोजित होने वाला महाकुंभ न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक महत्व भी रखता है.
इस कदम से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा. स्थानीय व्यवसायों को अधिक ग्राहक मिलेंगे, और प्रयागराज एक प्रमुख हवाई केंद्र के रूप में उभर सकेगा.
No comments