HP News: न शरीर पर कपड़े, न सिर पर हेल्मेट, बॉलीवुड अभिनेता ने उड़ाई कानून की सरेआम धज्जियां

लाहुल-स्पीति जिला में बॉलीवुड अभिनेता ने सरेआम यातायात नियमों को ठेंगा दिखाया। बाकायदा अभिनेता की वाीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वीडियो वायरल होते ही लाहुल-स्पीति पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह वीडियो कब की है, इस पर भी जांच बिठा दी है। यातायात नियमों को धत्ता दिखाने वाली जो वीडियो वायरल हुई है, यह अभिनेता सोनू सूद की बताई जा रही है।
एसपी लाहुल-स्पीति ने डीएसपी केलांग को जांच का जिम्मा सौंपा है। वायरल वीडियो में अभिनेता लाहुल-स्पीति की सडक़ पर कमीज को उतारकर मोटरसाइकिल चला रहे हैं, जबकि सिर पर हेल्मेट भी नहीं पहना हुआ है। इससे सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती दिख रही है। पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है।
एसपी लाहुल-स्पीति इल्का अफरोज ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बॉलीवुड अभिनेता को लाहुल-स्पीति जिला में यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा गया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो वर्ष 2023 का प्रतीत हो रहा होता है, फिर भी इसकी सत्यता की जांच के लिए कार्य डीएसपी मुख्यालय केलांग को सौंपा गया है। कानून के अनुसार जो भी कार्रवाई बनती है, वह अमल में लाई जाएगी।
No comments