रोहड़ू से ‘अवैध’ गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस के 20 जवान अरेस्ट, शिमला पुलिस ने दर्ज की FIR

दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच बुधवार को हुए हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच शिमला पुलिस ने रोहड़ू से अवैध गिरफ्तारी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चिडग़ांव थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में कहा गया है कि बुधवार सुबह शिमला पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि करीब 20 अज्ञात लोग सादे कपड़ों में गाड़ी में सवार होकर आए और चिडग़ांव के मांडली के रिजार्ट में ठहरे तीन व्यक्ति को जबरन उठाकर ले गए।
इसके अलावा शिकायतकर्ता के चांशल रिजार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी बिना फर्द या रसीद दिए अपने साथ ले गए। जिस आमद सूचना पर शिमला पुलिस ने थाना चिडग़ांव में मुकदमा दर्ज कर विधिसम्मत् कार्रवाई की जा रही है। इस एफआईआर के अनुसार दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को शोघी बैरियर पर बुधवार देर रात गिरफ्तार किया गया।
दरअसल यह सारा मामला दिल्ली के एआई सम्मिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर हुआ। दिल्ली पुलिस ने बुधवार सुबह रोहडू से तीन लोगों को अरेस्ट किया। दिल्ली पुलिस इन्हें दिल्ली ले जा रही थी, लेकिन शिमला और सोलन में नाका लगाने के बाद इन्हें शिमला पुलिस ने रोक लिया।
बाद में इन्हें डिटेन कर लिया गया। इसके बाद दोनों पक्ष शिमला के चक्कर कोर्ट पहुंचे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां पुलिस थाना बालूगंज के प्रभारी द्वारा दिल्ली पुलिस के विरुद्ध एक निजी शिकायत एसीजेएम न्यायालय में दायर की गई कि दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर यह कार्रवाई की, जो अवैध है। अदालत ने मामले को अगली सुनवाई के लिए विचारार्थ नीयत किया, लेकिन कोई फौरी रिलीफ न मिलने के बाद दिल्ली पुलिस इन लोगों को लेकर दिल्ली चली गई।
हालांकि शोघी बैरियर पर शिमला पुलिस ने इनकी गाड़ी को डिटेन कर लिया गया। यहां शिमला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के खिलाफ तीन लोगों को अगवा करने का मामला चिडग़ांव थाना में दर्ज कर लिया गया है। इसलिए इन्हें पहले इन्वेस्टिगेशन को ज्वाइन करना होगा। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने आपत्ति जताई कि आप उन लोगों के लिए अब एफआईआर डाल रहे हो, जिन्हें हमने सुबह अरेस्ट किया है। इन सब तर्कों के बीच मीडिया के कैमरों पर बहस चलती रही।
इसके बाद दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को अरेस्ट कर लिया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली में आयोजित एआई सम्मिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने शिमला जिला के रोहड़ू से हिरासत में लिया था। उन्हें दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टीम को रोक लिया। इस घटनाक्रम के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस आमने-सामने आ गए।
इससे पहले हिमाचल पुलिस ने कंडाघाट और शोघी बैरियर पर संबंधित वाहनों को रोका था। सायं लगभग 7:20 बजे दिल्ली पुलिस तीनों कार्यकर्ताओं को अपने वाहन में बैठाकर न्यायालय परिसर से शिमला-कालका हाईवे की ओर रवाना हुई। हालांकि, पूरे घटनाक्रम के चलते हाईवे पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एआई सम्मिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन में शामिल थे। प्रदर्शन के बाद तीनों कार्यकर्ता रोहड़ू में एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया।
No comments