मोतिहारी की लेडी साइको: प्रेमी नहीं मिला तो बन गई कातिल, मासूम की गर्दन काट छज्जे पर रखी; 18 वारदातों से कांपा गांव

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम जनता के होश उड़ा दिए हैं। एक 20 वर्षीय युवती, अपने प्रेम संबंध में आ रही बाधाओं और प्रतिशोध की आग में इस कदर अंधी हुई कि वह ‘साइको किलर’ बन गई। आरोपी शिल्पी कुमारी ने एक-दो नहीं, बल्कि कुल 18 संगीन वारदातों को अंजाम दिया, जिसमें बुजुर्ग को जिंदा जलाना और एक मासूम बच्ची की नृशंस हत्या जैसे खौफनाक अपराध शामिल हैं।
प्रेमी के दादा को जिंदा जलाकर शुरू किया खूनी खेल
पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं हैं। बताया जा रहा है कि शिल्पी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी भनक प्रेमी के दादा को लगी, तो उन्होंने शिल्पी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस अपमान का बदला लेने के लिए शिल्पी ने सोते समय प्रेमी के दादा पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जिंदा जला दिया। हैरानी की बात यह है कि उस वक्त ग्रामीणों ने इसे महज एक हादसा समझा और कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं हुई। इसी ‘क्लीन चिट’ ने शिल्पी के हौसले बुलंद कर दिए।
5 साल की मासूम की हत्या और छज्जे पर छिपाया सिर
शिल्पी की दरिंदगी का सबसे खौफनाक चेहरा तब सामने आया जब उसने पड़ोस की 5 वर्षीय बच्ची अंशिका की हत्या कर दी। 20 मार्च को आंधी-तूफान का फायदा उठाकर वह बच्ची को अपने घर ले गई। उसने साजिश के तहत बच्ची का एक ऑडियो रिकॉर्ड किया ताकि उसकी बड़ी मां को फंसाया जा सके। इसके बाद ऑनलाइन मंगाए गए चाकू से मासूम का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए उसने बच्ची के शव को बाल्टी में रखकर छज्जे पर छिपा दिया और बाद में पास के एक खेत में फेंक दिया।
वैज्ञानिक जांच और भाई के फोन ने खोल दी पोल
22 मार्च को बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान एक वायरल ऑडियो मिला। पुलिस ने जब डेटा ट्रेस किया, तो पता चला कि जिस फोन से ऑडियो वायरल हुआ, उसे शिल्पी के भाई के मोबाइल से इंटरनेट दिया गया था। जब पुलिस ने शिल्पी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक-एक कर अपनी सभी 18 वारदातों को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त दो चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल बरामद कर लिया है।
साजिश की इंतहा: बड़ी मां को फंसाने का था प्लान
शिल्पी को पता चला था कि बच्ची की बड़ी मां उसके प्रेम संबंधों की शिकायत उसके प्रेमी से करने वाली है। उसने इसी रंजिश में बच्ची की हत्या की और ऐसा माहौल बनाया जिससे शक की सुई बड़ी मां की ओर जाए। वह हर अपराध को ‘हादसे’ की शक्ल देने में माहिर थी, लेकिन इस बार पुलिस की तकनीकी टीम ने उसे दबोच लिया। शिकरहना एसडीपीओ उदय शंकर कुमार ने बताया कि आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और गांव में पुलिस बल तैनात है।
No comments