नई नवेली दुल्हन रिमझिम पति से बोली बस से उतरो और पकौड़ी लाओ, वो उतरा और उधर लड़की प्रेमी संग निकल ली!
सुनो न मेरे लिए पकोड़ी और पानी ले आओ... मुरादाबाद बस स्टैंड पर नई नवेली पत्नी रिमझिम ने अपने पति पीतम सिंह से ये मांग की. पीतम बस से उतरा और पकोड़ी लेकर वापस आया तो उसने देखा कि सीट पर रिमझिम नहीं है. वो गायब थी. यह देख पीतम हैरान और परेशान हो गया. उसने काफी देर तक रिमझिम की तलाश की. जब कोई रास्ता नहीं मिला तब वह थक हारकर पुलिस के पास पहुंचा. यहां आकर उसने पुलिस को पूरी कहानी सुनाई और बताया कि उसकी पत्नी शायद आशिक संग फरार हो गई है. पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है.
1 दिसंबर 2025 को हुई थी पीतम और रिमझिम की शादी
अमरोहा के ओसामाफी गांव निवासी पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले के सागरपुर गांव निवासी रिमझिम (18) के साथ हुई थी. होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी. सोमवार (9 मार्च 2026) को पीतम सिंह अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर वापस घर ला रहा था. दोनों बस से सैफनी से बिलारी पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए.
गायब होने के बाद रिमझिम का फोन था स्विच ऑफ
दोपहर करीब 2 बजे बिलारी बस स्टैंड पर बस रुकने के दौरान रिमझिम ने अपने पति से पकौड़ी खाने की इच्छा जताई. उसे पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी लेने के लिए भेज दिया. पति जब कुछ देर बाद पकौड़ी लेकर बस में लौटा तो उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी. पीतम सिंह ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ मिला. बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई थी.
इमरान संग रिमझिम हुई फरार?
काफी देर तक बस स्टैंड और आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पीतम सिंह ने बिलारी थाने पहुंचकर तहरीर दी. तहरीर में उसने शक जताया कि उसकी पत्नी रिमझिम रामपुर जिले के रहने वाले इमरान नामक युवक के साथ चली गई है. पति के अनुसार रिमझिम की लंबाई करीब 5 फुट 3 इंच, रंग गोरा और शिक्षा इंटरमीडिएट तक है.
पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर रिमझिम की गुमशुदगी दर्ज कर ली है. बिलारी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है और महिला की तलाश की जा रही है.
No comments