Recent Posts

Breaking News

पत्नी पर था दूसरे से संबंध होने का शक, ढेड़ साल की बेटी के सामने ही पति ने कर दी हत्या; सिलेंडर से सिर और रीढ़ पर किया कई बार वार

Delhi Crime : दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में रविवार, 29 मार्च की रात को एक भयावह घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बेरहमी से अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

पड़ोसियों के अनुसार, इस दिल दहलाने वाली वारदात का कारण पति सुरेश का अपनी पत्नी पूनम पर शक होना बताया जाता है। इस शक के चलते सुरेश ने खौफनाक तरीके से अपनी पत्नी पर सिलेंडर से कई वार किए, जिससे पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। उस समय घर में उनकी डेढ़ साल की बेटी भी मौजूद थी, जो इस भीषण वारदात का गवाह बनी है।

पति ने की पत्नी की हत्या

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 9.30 बजे हुई। पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश ने अपनी पत्नी पूनम के सिर और रीढ़ की हड्डी पर गैस सिलेंडर से कई बार हमला किया। इस हमले में पूनम बुरी तरह घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी सुरेश को हिरासत में ले लिया।

घटना स्थल पर मौजूद एक बुजुर्ग पड़ोसी ने बताया कि उन्हें रात में महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने कहा, “हम लोग नीचे आए तो पहली मंजिल के घर से तेज आवाजें आ रही थीं। हम वापस गए तो दरवाजे की कुंडी लगी हुई थी। धक्का मारने पर कुंडी खुल गई। अंदर पहुंचकर देखा कि महिला की लाश पड़ी थी और उसके बगल में सिलेंडर पड़ा था।”

पड़ोसियों ने यह भी बताया कि दंपती का हाल ही में ही मकान में स्थानांतरण हुआ था। दोनों DDA आवास में रहते थे। उनके पास केवल एक ही महीना हुआ था। उनकी डेढ़ साल की बच्ची अभी पड़ोसियों के पास है, और उसे किसी रिश्तेदार के हवाले किया जाना है। अभी उसकी देखभाल पड़ोसी कर रहे हैं।

बुजुर्ग पड़ोसी ने कहा, “हमने कभी इन दोनों के बीच झगड़ा होते नहीं सुना था। यह पहली बार था जब घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई।”

घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी सुरेश को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुरेश की गोद में बच्ची थी, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। अभी इस घटना के पीछे का कारण और संदर्भ की जांच की जा रही है।

No comments