‘वो सिर्फ मेरी है’…कहकर लड़ने लगे दो लड़के, एक की मौत; एक प्रेमिका के निकले दो प्रेमी!

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रेम प्रसंग में हुई खूनी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। गढ़ा थाना क्षेत्र में एक युवती के लिए दो लड़कों के बीच विवाद हिंसक रूप में बदल गया, जिसमें 16 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया कि युवती के दो प्रेमी थे – पूर्व बॉयफ्रेंड कृष्ण मिश्रा उर्फ राम मिश्रा और वर्तमान बॉयफ्रेंड यशराज पटेल। दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था और कई बार आमने-सामना भी हो चुका था। घटना वाले दिन यह विवाद अपने चरम पर पहुंचा और दोनों पक्ष अपने साथियों के साथ आमने-सामने आ गए। इसी दौरान यशराज पटेल और उसके साथियों ने पूर्व बॉयफ्रेंड के साथी ऋषभ पटेल पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों, चश्मदीद गवाहों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की और मुख्य आरोपी यशराज पटेल, अंशराज धुर्वे और अमन कटारिया को गिरफ्तार किया। अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ यह थी कि कृष्ण मिश्रा जेल जाने के बाद युवती ने नया बॉयफ्रेंड बना लिया, जिससे पूर्व प्रेमी नाराज हो गया और यह झड़प हिंसक संघर्ष में बदल गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले भी चाकूबाजी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वर्तमान में कृष्ण मिश्रा फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
No comments