Recent Posts

Breaking News

मंझे से युवक का गला कट गया, आठ टांके लगे; शादी की खुशियां गम में बदल गईं

Prayagraj : झूंसी निवासी मोहम्मद साहिल के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शाम करीब 6 बजे तक वह घर पर सजावट का काम देख रहा था। फिर रविवार की शाम कपड़ा खरीदने के लिए साहिल शहर के लिए निकला। घर में खुशियों का माहौल था और महज 2-4 दिन बाद शादी होनी थी।

शाम करीब 7 बजे, जैसे ही वह गऊघाट ईसीसी कॉलेज के सामने पहुंचा, अचानक हवा में तना हुआ प्रतिबंधित चाइनीज़ मंझा सामने आया और मंझे ने साहिल की गर्दन को रेत डाला।

बाइक चला रहे साहिल के मामा इम्तियाज ने तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक पीछे बैठे साहिल की गर्दन में मंझा गहराई तक घुस चुका था। धार इतनी तेज थी कि गले में गहरा जख्म हो गया। खून से लथपथ हालत में साहिल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गर्दन पर आठ टांके लगाए गए। किसी तरह उसकी जान बच सकी।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज़ मंझा खुलेआम बिक रहा है और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ लगातार हो रहा है। प्रयागराज में यह पहली घटना नहीं है; ऐसी घटनाएं लगातार देखने को मिल रही हैं। सख्त प्रतिबंध के स्पष्ट आदेश के बाद भी चाइनीज़ मंझे का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने और अवैध रूप से मंझा बेचने वालों पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है, ताकि किसी और घर की खुशियां इस तरह हादसे में न बदलें।

No comments