‘मेरे लिए कोई फीलिंग नहीं…’, 12 पन्नों के सुसाइड नोट में युवती ने कहा- ‘मंगेतर शादी तोड़ने की धमकी देता था, उसकी 4 गर्लफ्रेंड हैं’

- आंध्र प्रदेश के कडप्पा में 26 वर्षीय MSc छात्रा ने दी जान, परिवार ने मंगेतर और उसके माता-पिता को बताया जिम्मेदार
कडप्पा, आंध्र प्रदेश। कडप्पा जिले में 26 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतका ने 12 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़कर अपने मंगेतर पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतका रेहाना ने हाल ही में MSc की पढ़ाई पूरी की थी। 15 फरवरी को उसकी सगाई बेंगलुरु में काम करने वाले टेक प्रोफेशनल शाहजहां से हुई थी। शादी अगस्त में तय थी।
सुसाइड नोट में लिखा- मेरे लिए कोई फीलिंग नहीं थी
परिवार के अनुसार, 12 पन्नों के सुसाइड नोट में रेहाना ने लिखा कि मंगेतर ने अचानक उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और कहा कि उसके मन में उसके लिए कोई भावनाएं नहीं हैं। सुसाइड नोट में यह भी लिखा गया कि शाहजहां ने खुद स्वीकार किया था कि उसके पहले कई रिलेशन रहे हैं और “4 गर्लफ्रेंड” होने की बात भी बताई थी।
परिवार का आरोप- मंगेतर ने शादी तोड़ने का दबाव बनाया
परिजनों का आरोप है कि मंगेतर ने शादी तोड़ने का दबाव बनाया और बार-बार रिश्ते को खत्म करने की बात कही। इससे युवती मानसिक रूप से टूट गई और डिप्रेशन में चली गई। बुधवार को युवती का शव उसके घर में मिला। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मंगेतर पर गंभीर आरोप लगाए।
शिकायत के आधार पर चिन्ना चौक थाना पुलिस ने मंगेतर शाहजहां और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
No comments