युवती के 4 प्रेमियों ने मिलकर की शिवम की हत्या; शराब पार्टी के बाद बेरहमी से उतारा मौत के घाट.
मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रणवीरपुर गांव में हुए शिवम सिंह हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि युवती से प्रेम संबंध रखने वाले चार युवकों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया, क्योंकि उन्हें शिवम का युवती से बात करना नागवार गुजर रहा था।
शराब पार्टी के बहाने बुलाया और फिर कर दी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिवम सिंह 22 को रास्ते से हटाने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची थी। 8 अप्रैल की रात आरोपियों ने शिवम को फोन कर शराब पीने के बहाने नदी किनारे बुलाया। वहां घंटों तक साथ बैठकर शराब पी गई और जब शिवम नशे में धुत हो गया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया। दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने डंडों से प्रहार कर शिवम का सिर और चेहरा पूरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में मिला था शव, 14 घंटे बाद हुई पहचान
9 अप्रैल की सुबह रणवीरपुर गांव में सड़क किनारे एक खेत में युवक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल्स) के आधार पर 14 घंटे के भीतर मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई। शिवम कंधेरी स्थित नगर पालिका के ट्रीटमेंट प्लांट में गार्ड की नौकरी करता था।
चारों प्रेमी युवती से करते थे बात, शिवम बना था कांटा
एसपी कमलेश बहादुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रणवीरपुर गांव में शिवम की चाची का मायका था, जहां उसका अक्सर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान पड़ोस की एक युवती से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। गिरफ्तार आरोपी अनमोल सिंह उर्फ छांगुर और अंचल राजभर भी उसी युवती से बात करते थे और उसे अपना प्रेमी मानते थे। जब उन्हें पता चला कि युवती शिवम से भी चोरी-छिपे मिलती है, तो उन्होंने प्रियांशु और ब्रजलाल के साथ मिलकर उसे खत्म करने का फैसला किया।
दो गिरफ्तार, दो अब भी फरार
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गाजीपुर-मऊ बॉर्डर से अनमोल सिंह और अंचल राजभर को धर दबोचा। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा, एक बाइक और स्कूटी बरामद कर ली गई है। हालांकि, मामले के दो अन्य आरोपी प्रियांशु और ब्रजलाल अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

No comments