Recent Posts

Breaking News

हिसार हादसा : डंपर ने छात्रा को 50 मीटर घसीटा, 27 यूनिट खून चढ़ाने के बाद भी नहीं बची जान.

 

हिसार के सेक्टर 1-4 क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्रा मिशनदीप कौर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह हादसा 2 अप्रैल को हुआ था, जिसके करीब 24 घंटे बाद छात्रा की अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार को नागरिक अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

जानकारी के अनुसार, मिल गेट निवासी मिशनदीप कौर अपनी मां मंजू देवी के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर जिंदल चौक की ओर जा रही थी। जैसे ही वे सेक्टर 1-4 के पास पहुंचीं, तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिशनदीप सड़क पर गिर गई और डंपर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

इस दुर्घटना में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मिशनदीप की हालत लगातार गंभीर बनी रही। परिजनों के अनुसार, उसे बचाने के लिए कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया और करीब 27 यूनिट खून चढ़ाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतका के चाचा नरेश ने बताया कि 24 मार्च को ही मिशनदीप का जन्मदिन था और उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी थी। वह अपने परिणाम का इंतजार कर रही थी। उसके पिता वीरेंद्र का कोरोना काल में निधन हो चुका है। हादसे के दिन वह अपनी मां के साथ पेंशन से संबंधित कार्य के लिए जा रही थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

No comments