Recent Posts

Breaking News

जमीन बेचने की बात पर भड़का बेटा, पिता, मां और भाभी समेत परिवार के 5 लोगों पर चाकू से किया हमला.

 

धार जिले के धरमपुरी तहसील के ग्राम सेमल्दा में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पिता समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक आरोपी बेटा फरार हो चुका था।

सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को भर्ती किया गया है। पुलिस ने पिता शांतिलाल कुशवाहा की शिकायत पर आरोपी बेटे दुर्गेश कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय शांतिलाल कुशवाहा, निवासी सेमल्दा (सिंगाजी मंदिर के पास), कर्ज के कारण अपनी जमीन बेचने की बात कर रहे थे। इसी बात को लेकर छोटा बेटा दुर्गेश नाराज हो गया और विवाद बढ़ गया। पहले उसने गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने आए बड़े बेटे ललित पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। इसके बाद उसने अपनी मां ममता, भाभी रानू और चचेरे भाई सुरेंद्र पर भी हमला किया। हमले में सुरेंद्र के पेट में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य परिजन भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद आरोपी ने परिवार को जमीन बेचने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। घायलों को निजी वाहन से शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें रेफर किया गया।

थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के अनुसार, आरोपी की तलाश जारी है और प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का पाया गया है।

No comments