बीच सड़क दे दना दन बरसाएं थप्पड़… भरूच में अग्निकांड के पीड़ित के परिजनों से ही भिड़ गए AAP विधायक, मारपीट के बाद हंगामा.

गुजरात के भरूच जिले में अग्निकांड के बाद पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर उस समय बड़ा बवाल हो गया, जब AAP विधायक चैतर वसावा और मृतक के परिजनों के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक और एक युवक के बीच थप्पड़ और लात-घूंसे चलने लगे। यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
यह मामला झगड़िया GIDC का है, जहां 23 अप्रैल को मेट्रोपॉलिटन एक्जिम कंपनी में हुए भीषण धमाके के बाद आग लग गई थी। इस हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और कई अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
घटना के चार दिन बाद, 27 अप्रैल को विधायक चैतर वसावा बड़ी संख्या में समर्थकों और पीड़ित परिवारों के साथ कंपनी गेट पर पहुंचे। उनकी मांग थी कि मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और घायलों का पूरा इलाज कंपनी की ओर से कराया जाए।
इसी दौरान मृतक राकेश वसावा के कथित भाई रोशन वसावा ने विधायक के विरोध में आवाज उठाई। रोशन का आरोप था कि विधायक पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय कंपनी से समझौता करने आए हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान विधायक चैतर वसावा ने आपा खो दिया और रोशन को थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में रोशन वसावा ने भी पलटवार करते हुए विधायक पर थप्पड़ों और लात-घूंसे की बरसात कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक हालात बेकाबू रहे।
इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। हालांकि विधायक का आरोप है कि पुलिस ने झगड़ा रोकने के बजाय वीडियो बनाने में ज्यादा रुचि दिखाई। वहीं, रोशन वसावा को इस झड़प में कान में चोट आई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद रोशन वसावा ने विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। दूसरी ओर, विधायक चैतर वसावा ने आरोप लगाया है कि रोशन को पुलिस ने ही उकसाया था और पूरी घटना को साजिश के तहत रिकॉर्ड किया गया।
No comments