Recent Posts

Breaking News

सात फेरे हुए, कसमें खाईं… फिर विदाई से पहले दीवार फांदकर क्यों भागा दूल्हा? फाजिल्का में हाईवोल्टेज ड्रामा.

 

फाजिल्का : पंजाब के फाजिल्का जिले से एक ऐसी फिल्मनुमा घटना सामने आई है, जिसने शादी की खुशियों को मातम और सन्नाटे में बदल दिया। यहाँ एक दूल्हा अपनी शादी की रस्में पूरी कर चुका था, सात फेरे भी हो चुके थे, लेकिन डोली उठने से ठीक पहले कुछ ऐसा हुआ कि वह शेरवानी पहने ही दीवार फांदकर रफूचक्कर हो गया। यह सारा बवाल दूल्हे की पहली पत्नी के पुलिस समेत मंडप में पहुंचने के बाद शुरू हुआ।

विदाई की हो रही थी तैयारी, तभी पहुंची पहली पत्नी
मामला फाजिल्का के एक गाँव का है, जहाँ जसविंदर सिंह नाम का युवक दूसरी शादी रचा रहा था। घर में जश्न का माहौल था, मेहमान खाना खा रहे थे और वधू पक्ष विदाई की रस्मों की तैयारी में जुटा था। इसी बीच जसविंदर की पहली पत्नी जसवंत कौर पुलिस बल के साथ वहां आ धमकी। पुलिस को देखते ही दूल्हे और बारातियों के होश उड़ गए। खुद को घिरता देख दूल्हा जसविंदर ने आव देखा न ताव और घर की दीवार फांदकर फरार हो गया।

9 साल का रिश्ता और एक बेटी, फिर दिया धोखा
जसवंत कौर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि 2017 में उसने जसविंदर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। दोनों पिछले 9 साल से साथ रह रहे थे और उनकी एक बेटी भी है। जसवंत के मुताबिक, जसविंदर उसे जलालाबाद में रखे हुए था और अपने पैतृक गाँव ले जाने के नाम पर हमेशा टालमटोल करता था। करीब एक साल पहले वह उसे छोड़कर गायब हो गया और अब गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर रहा था।

अपनी ही फोटो भेजकर खुद के जाल में फंसा दूल्हा
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जसविंदर ने खुद ही अपनी दूल्हा बनी हुई फोटो पहली पत्नी को भेज दी। शायद वह अपनी नई शुरुआत का दिखावा करना चाहता था, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। फोटो मिलते ही जसवंत ने लोकेशन ट्रैक की और पुलिस को लेकर सीधे शादी के मंडप में जा पहुंची।

अपराधी और नशेड़ी निकला ‘सफेदपोश’ दूल्हा
पहली पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि जसविंदर न केवल धोखेबाज है, बल्कि वह नशे का आदी भी है। उस पर पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। जसवंत को उसके इस आपराधिक इतिहास की जानकारी काफी बाद में मिली थी।

पीड़ित पिता का दर्द: “बिचौलियों ने बर्बाद कर दिया”
इस धोखे के बाद दुल्हन के पिता दलीप सिंह सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि अपनी बेटी की शादी के लिए उन्होंने पाई-पाई जोड़कर 5 लाख रुपये खर्च किए थे। दहेज का सारा सामान पहले ही दूल्हे के घर भेजा जा चुका था। उन्होंने बिचौलियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने लड़के को शरीफ बताकर उनके साथ धोखाधड़ी की और लड़के के पिछले संबंधों की बात छिपाई।

पुलिस की कार्रवाई: गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने बताया कि पहली पत्नी के बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार दूल्हे और उसके साथियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस साजिश में शामिल बिचौलियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments