रिश्तों का कत्ल! पत्नी से विवाद हुआ तो फूफा ने किया एक साल के मासूम का अपहरण; जंगल की झोपड़ी से पुलिस ने किया रेस्क्यू.

शहडोल : शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक साल के मासूम का अपहरण उसके ही फूफा ने कर लिया। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे पूरे इलाके में राहत की सांस ली गई।
मामला मैर गांव का है, जहां एक महिला देर रात रोते-बिलखते थाने पहुंची और बताया कि उसका एक साल का बेटा अचानक लापता हो गया है। महिला के अनुसार, रात करीब 9 बजे बच्चे का फूफा उमेश सिंह घर आया था और उसे खेलाने के बहाने गोद में लेकर चला गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तीन विशेष टीमें गठित कीं और रातभर कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। करीब पांच जगहों पर छापेमारी के बावजूद आरोपी फरार रहा, लेकिन पुलिस ने तलाश जारी रखी।
सुबह साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से पुलिस को अहम जानकारी मिली कि आरोपी भमरहा के जंगल में एक झोपड़ी में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, जो कुछ दिनों पहले मायके चली गई थी और वापस आने से इनकार कर रही थी। इसी गुस्से में उसने साले के बेटे का अपहरण कर लिया ताकि पत्नी को तकलीफ का अहसास कराया जा सके।
बच्चे को सकुशल पाकर मां भावुक हो उठी और उसे गले लगाकर रो पड़ी। थाना प्रभारी जिया उलहक ने बताया कि पुलिस ने रातभर लगातार अभियान चलाकर बच्चे को सुरक्षित बरामद किया है और आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
No comments