Recent Posts

Breaking News

कंबल में फंसे बकरी के बाल ने खोल दिया कत्ल का राज, पटना पुलिस ने ऐसे दबोचा मासूम का गुनहगार.

 

पटना : अपराधी चाहे खुद को कितना भी शातिर क्यों न समझ ले, लेकिन कानून के लंबे हाथ उसके गिरेबान तक पहुंच ही जाते हैं। बिहार की राजधानी पटना से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज बकरी के चंद बालों ने पुलिस को उस दरिंदे की चौखट तक पहुंचा दिया जिसने एक 10 साल की मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी थी। यह गुत्थी जितनी उलझी हुई थी, इसका खुलासा उतना ही हैरान कर देने वाला है।

दूध लेने निकली थी मासूम, कचरे के ढेर में मिला शव
वारदात पटना के बाईपास थाना अंतर्गत जल्ला महावीर मंदिर इलाके की है। बीते 23 अप्रैल को यहां उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक संकरी गली में कूड़े के ढेर के पास एक पुराना कंबल मिला। स्थानीय लोगों ने जब उसे खोलकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर 10 साल की बच्ची का बेजान शरीर पड़ा था। जानकारी के मुताबिक, बच्ची घर से दूध लेने निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल था।

फॉरेंसिक नजर और बकरी के बालों का रहस्य
पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया। तफ्तीश के दौरान पुलिस की पारखी नजर उस कंबल पर टिक गई जिसमें शव लिपटा हुआ था। जांच करने पर पुलिस को उस कंबल पर बकरी के छोटे-छोटे बाल चिपके हुए मिले। यहीं से पुलिस को पहला बड़ा सुराग मिला। पुलिस ने अंदाजा लगाया कि हत्यारा निश्चित रूप से आसपास का ही कोई निवासी है जिसके पास बकरियां हों।

पसीने से लथपथ कमरे में मिला शातिर कातिल
सुराग मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर घर-घर तलाशी शुरू की। तभी पुलिस की नजर एक ऐसे कमरे पर पड़ी जिसके बाहर 4-5 बकरियां बंधी थीं। कमरे पर बाहर से ताला लटका था, लेकिन पुलिस को कुछ संदिग्ध महसूस हुआ। जब ताला तोड़कर टीम अंदर दाखिल हुई तो नजारा चौंकाने वाला था। आरोपी रंजीत अंदर ही छिपा बैठा था। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद को बाहर से लॉक करवा लिया था। बिना पंखे के बंद कमरे में रहने के कारण वह पसीने से नहाया हुआ था और खिड़की की दरारों से पुलिस की मूवमेंट देख रहा था।

लोढ़े से वार और खौफनाक कबूलनामा
पुलिस की कड़ाई के आगे रंजीत ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह मासूम बच्ची को गलत नीयत से बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया था। जब बच्ची ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से रंजीत ने पास रखे सिलबट्टे (लोढ़े) से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की गश्ती ने बिगाड़ा लाश ठिकाने लगाने का प्लान
हत्या के बाद रंजीत ने दिनभर शव को अपने बिस्तर के नीचे छिपाए रखा। उसकी योजना रात के अंधेरे में लाश को पास के तालाब में फेंकने की थी। रात करीब 2 बजे वह शव को कंबल में लपेटकर निकला भी, लेकिन तभी उसे पुलिस की गश्ती गाड़ी का सायरन सुनाई दिया। डर के मारे उसने शव को बीच रास्ते में ही कचरे के ढेर के पास फेंक दिया और भाग निकला। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे सख्त सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।

No comments